कांग्रेस के विधानसभा घेराव से जाम रहा राजधानी : एंबुलेंस-स्कूली बसें फंसीं, 2 घंटे तक रेंगता रहा ट्रैफिक, पुलिस की व्यवस्था हुई फेल

रायपुर। राजधानी रायपुर में कांग्रेस के विधानसभा घेराव के दौरान मंगलवार को शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। भगत सिंह चौक से केनाल चौक तक लंबा जाम लग गया, जिससे करीब दो घंटे तक वाहन रेंगते रहे। हालात ऐसे रहे कि जाम में एंबुलेंस और स्कूली बसें तक फंस गईं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर करीब एक बजे तेज धूप के बीच लोग रास्ता तलाशते नजर आए। भगत सिंह चौक से शंकर नगर चौक और भारत माता चौक होते हुए छत्तीसगढ़ क्लब मार्ग तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। कई लोगों ने बताया कि उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य से कई गुना अधिक समय लगा।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा असर
जाम का सबसे ज्यादा असर भगत सिंह चौक, शंकर नगर चौक, भारत माता चौक, केनाल चौक और छत्तीसगढ़ क्लब मार्ग पर देखा गया। सड़क के दोनों ओर खड़ी गाड़ियों और बढ़ते दबाव के कारण ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो गया।

स्कूली बच्चे और अभिभावक परेशान
जलविहार कॉलोनी स्थित स्कूलों की बसें और बच्चों से भरे वाहन भी लंबे समय तक जाम में फंसे रहे। इससे बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों की चिंता बढ़ गई। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी और आम नागरिक भी घंटों तक सड़कों पर जूझते नजर आए।

एंबुलेंस फंसी, मरीजों की चिंता बढ़ी
प्रदर्शन के दौरान चार एंबुलेंस जाम में फंस गईं। आरंग निवासी विनोद मनहरे ने बताया कि उनके घायल बेटे को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन जाम के कारण एंबुलेंस को आगे बढ़ने में काफी समय लग गया। इस दौरान मरीज की हालत बिगड़ने की आशंका बनी रही।

डायवर्जन भी बेअसर
यातायात पुलिस ने हालात संभालने के लिए कुछ जगहों पर डायवर्जन किया और केनाल लिंकिंग रोड को बंद कर दिया, लेकिन इसका खास असर नहीं दिखा। डायवर्ट किए गए मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया और जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।

सड़क किनारे खड़ी गाड़ियां बनीं वजह
प्रदेशभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह चौक से छत्तीसगढ़ क्लब तक सड़क किनारे वाहन खड़े कर दिए, जिससे यातायात बाधित हुआ। ट्रैफिक पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में पूरी तरह सफल नहीं हो सकी। इस पूरे घटनाक्रम के बाद आम लोगों में प्रशासन और प्रदर्शनकारियों दोनों के प्रति नाराजगी देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *