राज्यसभा चुनाव: 10 राज्यों की 37 सीटों में से 26 पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित, शरद पवार और सिंघवी समेत कई बड़े नाम शामिल

YC न्यूज़ डेस्क । देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे चुनाव में सात राज्यों की 26 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इन निर्वाचित नेताओं में एनसीपी (शरद) के प्रमुख शरद पवार, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी तथा केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। कई राज्यों में विपक्षी दलों ने उम्मीदवार नहीं उतारे, जिसके कारण इन नेताओं को बिना मतदान के ही राज्यसभा के लिए निर्वाचित घोषित कर दिया गया। हालांकि बिहार, ओडिशा और हरियाणा की कुल 11 सीटों पर मुकाबला होना तय हो गया है, जहां अतिरिक्त उम्मीदवारों के मैदान में होने के कारण मतदान कराया जाएगा।

इन राज्यों में उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

महाराष्ट्र (7 सीटें):
शरद पवार (एनसीपी), रामदास आठवले (आरपीआई-आठवले), विनोद तावड़े (भाजपा), रामराव वडुकुटे (भाजपा), माया इवनाते (भाजपा), ज्योति वाघमारे (शिवसेना-शिंदे), पार्थ पवार (एनसीपी)।

तमिलनाडु (6 सीटें):
तिरुची शिवा (डीएमके), जे कॉन्स्टेंटाइन रविंद्रन (डीएमके), एम थंबीदुरई (एआईएडीएमके), अंबुमणि रामदास (पीएमके), एम क्रिस्टोफर तिलक (कांग्रेस), एल के सुदीश (डीएमडीके)।

पश्चिम बंगाल (5 सीटें):
राहुल सिन्हा (भाजपा), बाबुल सुप्रियो (टीएमसी), पूर्व डीजीपी राजीव कुमार (टीएमसी), वरिष्ठ अधिवक्ता मेनका गुरुस्वामी (टीएमसी), कोएल मलिक (टीएमसी)।

असम (3 सीटें):
जोगेन मोहन (भाजपा), तेरोस गोवाला (भाजपा), प्रमोद बोरो (यूपीपीएल)।

तेलंगाना (2 सीटें):
अभिषेक मनु सिंघवी (कांग्रेस), वेम नरेंद्र रेड्डी (कांग्रेस)।

छत्तीसगढ़ (2 सीटें):
लक्ष्मी वर्मा (भाजपा), फूलो देवी नेताम (कांग्रेस)।

हिमाचल प्रदेश (1 सीट):
अनुराग शर्मा (कांग्रेस)।

11 सीटों पर होगा मुकाबला
नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि के बाद बिहार की 5, ओडिशा की 4 और हरियाणा की 2 सीटों पर 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा। इन राज्यों में कुल 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसके कारण एक-एक सीट पर कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नबीन के राज्यसभा पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। गौरतलब है कि 10 राज्यों की 37 सीटों के लिए कुल 40 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था। इनमें से 26 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने जाने के बाद अब शेष 11 सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *