रायपुर। मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध तनाव की आंच अब देश की रसोई तक पहुंचने लगी है। तेल आपूर्ति पर असर पड़ने के कारण घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर में 114 रुपए की बढ़ोतरी हो गई है। कीमत बढ़ने के साथ ही सप्लाई व्यवस्था भी प्रभावित हुई है, जिसके कारण रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में सिलेंडर की डिलीवरी 5 से 6 दिन तक लेट हो रही है। होली की छुट्टियों और अचानक बढ़ी मांग के कारण गैस एजेंसियों में रीफिलिंग और वितरण की प्रक्रिया धीमी पड़ गई है। आमतौर पर कंपनियों का लक्ष्य बुकिंग के 24 घंटे के भीतर सिलेंडर पहुंचाने का रहता है, लेकिन फिलहाल बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
नियमों के बावजूद बढ़ी देरी
नियम के मुताबिक एक सिलेंडर मिलने के बाद दूसरा सिलेंडर 21 से 25 दिनों के भीतर ही बुक किया जा सकता है। हालांकि होली के बाद से स्थिति ऐसी है कि उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। कई लोगों ने बुकिंग के 4 से 5 दिन बाद भी डिलीवरी नहीं होने की शिकायत की है।
सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल, एजेंसियों में बढ़ी पूछताछ
एलपीजी की कीमत बढ़ने और सप्लाई में देरी की खबरों के बीच सोशल मीडिया पर सिलेंडर की कमी को लेकर कई संदेश वायरल हो रहे हैं। इसके बाद गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं की पूछताछ बढ़ गई है और लोग बड़ी संख्या में जल्द बुकिंग कराने की कोशिश कर रहे हैं। राजधानी रायपुर के एलपीजी एजेंसी संचालकों का कहना है कि शहर में गैस का स्टॉक पर्याप्त है, लेकिन होली की छुट्टी पर गए कर्मचारी अभी पूरी तरह वापस नहीं लौटे हैं। इसके कारण डिस्ट्रीब्यूशन प्रभावित हुआ है। कुछ एजेंसियों को घरेलू और कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई सीमित करने के निर्देश भी मिले हैं।
ग्राहक परेशान, कई दिनों से इंतजार
अमलीडीह की सुधा केशरवानी ने बताया कि 5 मार्च को गैस खत्म हो गई थी। कई प्रयासों के बाद शुक्रवार शाम को बुकिंग हुई, लेकिन डिलीवरी सोमवार को मिली। इस दौरान नया डीएसी नंबर जारी कर बढ़ी हुई कीमत पर सिलेंडर दिया गया। दलदल सिवनी निवासी मंदाकिनी मिश्रा के मुताबिक उन्होंने गुरुवार को सिलेंडर बुक किया था, लेकिन सोमवार तक डिलीवरी नहीं हुई। एजेंसी में फोन करने पर जल्द सप्लाई का आश्वासन दिया जा रहा है। डीडी नगर की भूमिका ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार को सिलेंडर बुक किया था, लेकिन चार दिन बाद भी डिलीवरी नहीं हुई। गैस खत्म होने के कारण उन्हें इंडक्शन और माइक्रोवेव से काम चलाना पड़ रहा है, जिससे बिजली की खपत भी बढ़ रही है।
एचपीसीएल ने कहा- ईंधन की कमी नहीं
सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर एचपीसीएल ने उपभोक्ताओं को एसएमएस जारी कर कहा है कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे ईंधन की कमी के दावे भ्रामक और निराधार हैं। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि देश में ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।
बुकिंग नियमों में भी बदलाव
मिडिल ईस्ट में बिगड़े हालात के बीच तेल कंपनियों ने सिलेंडर बुकिंग की समय-सीमा बढ़ा दी है। अब एक सिलेंडर की डिलीवरी के बाद दूसरा सिलेंडर 25 दिन बाद ही बुक किया जा सकेगा, जबकि पहले यह अवधि 21 दिन थी। इसके साथ ही कंपनियों ने निर्देश दिया है कि जिन उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी पूरा नहीं हुआ है, उन्हें फिलहाल सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। वहीं कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं कि शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों के अलावा अन्य जगहों पर सीमित आपूर्ति की जाए।