अकतई पंचायत में राशन वितरण ठप, 70 क्विंटल चावल अटका; तीन गांवों के सैकड़ों हितग्राही परेशान

जामगांव आर। पाटन विकासखंड के ग्राम पंचायत अकतई स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान से राशन वितरण नहीं होने के कारण हितग्राहियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार लगभग 70 क्विंटल चावल का वितरण अब तक नहीं हो सका है, जबकि यह चावल अकतई, चारभाटा एवं रीवागहन गांवों के राशन कार्डधारी हितग्राहियों को वितरित किया जाना है। बताया जा रहा है कि तीनों गांवों के सैकड़ों हितग्राही पिछले पखवाड़े भर से रोजाना राशन दुकान के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें निराश होकर खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन की अनुपलब्धता से गरीब एवं मजदूर वर्ग के परिवारों के सामने भोजन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

सूत्रों के मुताबिक संबंधित राशन शासकीय गोदाम से जारी हो चुका है, लेकिन किन कारणों से वह अब तक उचित मूल्य दुकान तक नहीं पहुंच पाया, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। इससे ग्रामीणों में भ्रम के साथ-साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम सरपंच माधुरी निषाद ने एसडीएम कार्यालय एवं खाद्य विभाग को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया है। इसके बावजूद न तो राशन वितरण शुरू हो पाया है और न ही कोई ठोस समाधान सामने आया है, जिससे प्रशासनिक लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही राशन वितरण की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन एवं धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। उल्लेखनीय है कि उक्त शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन नव साक्षर समूह दीदी बैंक आमालोरी द्वारा किया जा रहा है। अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन एवं खाद्य विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं कि उन्हें उनका हक का राशन कब मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *