सड़क हादसे में कवर्धा के सीएफओ ललित यादव का निधन, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

दुर्ग। छत्तीसगढ़ वन विभाग से जुड़ी एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है। कवर्धा के मुख्य वन संरक्षक (सीएफओ) ललित यादव का सड़क हादसे में निधन हो गया। यह दुर्घटना दुर्ग जिले के जेवरा चौकी क्षेत्र में उस समय हुई, जब एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सीएफओ ललित यादव टू-व्हीलर से कवर्धा से दुर्ग की ओर आ रहे थे। वे दुर्ग स्थित मुख्य वन संरक्षक कार्यालय में शासकीय डाक (दस्तावेज) जमा कराने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना से वन विभाग सहित पूरे प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *