
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए अगले तीन घंटों तक ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी दी है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कई क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां गरज-चमक के साथ तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
वहीं ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली शामिल हैं। इन क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी और बिजली चमकने की घटनाएं अधिक प्रभावी हो सकती हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में सक्रिय मौसमी सिस्टम और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण यह स्थिति बनी हुई है। दिनभर की गर्मी और उमस के बाद शाम होते-होते कई इलाकों में तेज हवाओं और बारिश का दौर शुरू हो रहा है। हवा की रफ्तार बढ़ने से पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। खेतों में काम कर रहे लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने को कहा गया है। वहीं प्रशासन ने संबंधित जिलों के अधिकारियों, नगर निगम और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश जारी किए हैं।