रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे सम्मानपूर (नकटी) गांव के रहवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से क्षेत्र में फैली अनिश्चितता और बेदखली की आशंकाओं पर अब विराम लग गया है। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने साफ तौर पर कहा है कि नकटी गांव को विधायक कॉलोनी के लिए नहीं उजाड़ा जाएगा और किसी भी ग्रामीण को बेघर नहीं किया जाएगा। सांसद ने बताया कि नकटी गांव में विधायक कॉलोनी निर्माण का प्रस्ताव कोई नया नहीं है, बल्कि पिछले 10 वर्षों से लंबित है। उन्होंने कहा, “पहले भी जब यह प्रस्ताव आया था, मैंने इसे रोका था और अब भी मैं गांव के लोगों के साथ खड़ा हूं। किसी के घर को छूने की जरूरत नहीं पड़ेगी।”
बृजमोहन अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि नकटी गांव के पास ही 17 एकड़ खाली जमीन मौजूद है, जहां विधायक कॉलोनी विकसित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दे दिया है कि ग्रामीणों को किसी प्रकार की तकलीफ ना हो। खासकर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बने 10-15 घरों को पूरी तरह सुरक्षित रखा जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार की मंशा विकास के साथ-साथ लोगों की रिहायशी सुरक्षा बनाए रखने की है। “गांव वालों को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी का घर न उजाड़ा जाए,” उन्होंने दोहराया।
नकटी गांव के लिए यह घोषणा एक बड़ी राहत की तरह आई है, जहां कुछ दिनों से गांव उजड़ने की आशंका ने लोगों को चिंता में डाल रखा था। अब सांसद के बयान से स्थिति स्पष्ट हो गई है, और विकास कार्यों के साथ-साथ मानवता और सामाजिक संतुलन की भावना को प्राथमिकता दी जा रही है।