होली और समर सीजन में यात्रियों को राहत: रायपुर रेल मंडल की 2 स्पेशल ट्रेनें, दुर्ग–रायगढ़ मेमू और हटिया–एलटीटी होली स्पेशल का ऐलान

रायपुर। होली और समर सीजन में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा के लिए दो विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इसमें दुर्ग–रायगढ़ के बीच मेमू पैसेंजर स्पेशल और लंबी दूरी के यात्रियों के लिए हटिया–एलटीटी होली स्पेशल ट्रेन शामिल है। रेलवे के इस निर्णय से स्थानीय और दूरगामी दोनों तरह के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

4 दिन चलेगी दुर्ग–रायगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल

रेलवे प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 08834/08833 दुर्ग–रायगढ़–दुर्ग मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन 02, 03, 05 और 06 मार्च 2026 को कुल चार फेरे लगाएगी। यह ट्रेन सुबह 10:30 बजे दुर्ग से रवाना होकर भिलाई, रायपुर, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती और खरसिया जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए शाम 6:50 बजे रायगढ़ पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 08833 रायगढ़ से शाम 7 बजे रवाना होगी और सभी प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव के बाद रायपुर रात 12:10 बजे तथा दुर्ग अगले दिन तड़के 1:45 बजे पहुंचेगी। इस मेमू स्पेशल में 8 कोच लगाए जाएंगे, जिससे दैनिक यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी।

लंबी दूरी के लिए हटिया–एलटीटी होली स्पेशल

होली और गर्मी की छुट्टियों में कंफर्म बर्थ की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए हटिया और मुंबई के बीच भी होली स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। गाड़ी संख्या 08609 हटिया–एलटीटी होली स्पेशल 02 और 09 मार्च 2026 को हटिया से शाम 4:20 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन राउरकेला, झारसुगुड़ा, बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर और नासिक रोड सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए तीसरे दिन सुबह 12:40 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) पहुंचेगी।

एलटीटी से हटिया के लिए भी दो फेरे

वापसी में गाड़ी संख्या 08610 एलटीटी–हटिया होली स्पेशल 04 और 11 मार्च 2026 को सुबह 5 बजे एलटीटी से रवाना होगी। यह दुर्ग, रायपुर और बिलासपुर होते हुए अगले दिन शाम 6 बजे हटिया पहुंचेगी।

22 कोच के साथ बेहतर सुविधाएं

होली स्पेशल ट्रेनों में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें स्लीपर, एसी-III, एसी-III इकॉनमी और एसी-II श्रेणी के कोच शामिल रहेंगे। रेलवे प्रशासन का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने में सहूलियत होगी और त्योहार के दौरान सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित की जा सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *