
रायपुर। छत्तीसगढ़ के गौरवशाली राजशाही इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए राज्य सरकार एक बड़ी पहल करने जा रही है। राजधानी रायपुर में संस्कृति विभाग के परिसर में ‘रियासत वीथिका’ विकसित की जाएगी। इसमें स्वतंत्रता से पहले प्रदेश में मौजूद रहे 14 राजघरानों का इतिहास, उनकी वंशावलियां, शाही परंपराएं और दुर्लभ ऐतिहासिक धरोहरें एक ही छत के नीचे देखने को मिलेंगी। प्रस्तावित रियासत वीथिका दो मंजिलों में तैयार की जाएगी। यहां राजाओं की जीवनशैली, राजदरबार की व्यवस्था, शाही मुहरें, पारंपरिक पोशाकें, प्राचीन हथियार, ऐतिहासिक सिक्के, पुराने दस्तावेज और राजपरिवारों से जुड़ी दुर्लभ वस्तुओं का प्रदर्शन किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग ने इस परियोजना का प्रारूप तैयार कर लिया है। इसके संबंध में पूर्व राजपरिवारों के वंशजों और प्रतिनिधियों के साथ परामर्श बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें परियोजना का प्रेजेंटेशन दिया गया।
निजी महलों और अभिलेखागारों से जुटाई जाएंगी धरोहरें
फिलहाल छत्तीसगढ़ की रियासतों से जुड़ी अनेक ऐतिहासिक वस्तुएं निजी महलों, राजपरिवारों के पारिवारिक अभिलेखागार और क्षेत्रीय संग्रहालयों में बिखरी हुई हैं। इनमें से कई धरोहरों के बारे में आम लोगों को जानकारी तक नहीं है। सरकार की योजना इन ऐतिहासिक वस्तुओं और दस्तावेजों को व्यवस्थित रूप से संकलित कर सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए उपलब्ध कराने की है। vपर्यटन एवं संस्कृति सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने बताया कि गैलरी में राजदरबार की व्यवस्था, शाही मुहरों, सिक्कों, हथियारों, पोशाकों और सामाजिक-सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण किया जाएगा। इसके लिए विभाग एक नोडल अधिकारी नियुक्त करेगा। अधिकारी विभिन्न राजपरिवारों से संपर्क कर मौखिक इतिहास दर्ज करेंगे, पुराने अभिलेखों का सत्यापन करेंगे और प्रदर्शित की जाने वाली ऐतिहासिक सामग्री का चयन करेंगे।
महलों को हेरिटेज टूरिज्म सर्किट से जोड़ने की तैयारी
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा के अनुसार, प्रदेश की रियासतों ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, पुरातात्विक और धार्मिक पहचान को स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सरकार की कोशिश केवल राजघरानों के इतिहास को संरक्षित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐतिहासिक महलों को हेरिटेज टूरिज्म सर्किट और होमस्टे के रूप में विकसित करने की भी योजना है। इससे प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
बैठक में शामिल हुए कई राजपरिवारों के प्रतिनिधि
परामर्श बैठक में सारंगढ़ से डॉ. परिवेश मिश्रा और कुलिशा देवी, रायगढ़ से राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, सरगुजा से आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, कुमुदिनी देवी और विंधेश्वर सिंह देव शामिल हुए।
इसके अलावा कवर्धा से योगेश्वर राज सिंह और मैकलेश्वर सिंह, छुईखदान से गिरिराज किशोर दास, उदयपुर-धर्मजयगढ़ से जितेन्द्र नरसिंह राणा, खैरागढ़ से आर्यव्रत सिंह और शताक्षी सिंह तथा सक्ती से धर्मेंद्र सिंह ने भी अपने विचार रखे।
इन 14 रियासतों का इतिहास होगा प्रदर्शित
स्वतंत्रता से पहले छत्तीसगढ़ में बस्तर, कांकेर, नांदगांव, खैरागढ़, छुईखदान, कवर्धा, रायगढ़, सारंगढ़, सक्ती, सरगुजा, उदयपुर, जशपुर, कोरिया और चांगभखार प्रमुख रियासतें थीं। इन सभी के शासन, वंशावली, प्रशासनिक व्यवस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को गैलरी में स्थान देने की योजना है। बस्तर में काकतीय राजवंश का शासन रहा, जबकि खैरागढ़ का ऐतिहासिक राजमहल आज इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के रूप में कला और संस्कृति की पहचान बना हुआ है। रायगढ़ रियासत कथक की विशिष्ट शैली और चक्रधर समारोह के लिए प्रसिद्ध है। वहीं कवर्धा का राजमहल और भोरमदेव मंदिर क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं स्थापत्य विरासत को दर्शाते हैं।
सरगुजा, जशपुर, कोरिया और उदयपुर जैसी रियासतों का इतिहास भी स्थानीय जनजातीय समाज, धार्मिक परंपराओं और पुराने प्रशासनिक दस्तावेजों से जुड़ा हुआ है। सरकार की इस पहल से छत्तीसगढ़ के राजशाही दौर की बिखरी हुई ऐतिहासिक विरासत को एक व्यवस्थित स्वरूप मिल सकेगा। साथ ही विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, पर्यटकों और नई पीढ़ी को प्रदेश के गौरवशाली अतीत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।