दिसंबर में 17 नगरीय निकायों में होंगे चुनाव, नवंबर के आखिरी सप्ताह में लग सकती है आचार संहिता; सियासी सरगर्मी तेज

दिसंबर में 17 नगरीय निकायों में होंगे चुनाव, नवंबर के आखिरी सप्ताह में लग सकती है आचार संहिता; सियासी सरगर्मी तेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिसंबर में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के 17 नगरीय निकायों में आम चुनाव होने हैं। संभावना जताई जा रही है कि राज्य निर्वाचन आयोग नवंबर के आखिरी सप्ताह तक चुनाव कार्यक्रम घोषित कर सकता है। चुनाव कार्यक्रम जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसके बाद राजनीतिक दलों की चुनावी तैयारियां और तेज होंगी। इस बार चुनाव में बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली नगर निगम सहित कुल 17 नगरीय निकाय शामिल हैं। इनमें चार नगर निगम, पांच नगर पालिका परिषद और आठ नगर पंचायतें हैं। इसके अलावा दो नवगठित नगर पंचायतों में भी चुनाव कराए जाने की तैयारी है। आयोग ने आम चुनाव और उपचुनाव के लिए महापौर, अध्यक्ष और पार्षद सहित कुल 428 पदों पर निर्वाचन की तैयारी की है।

30 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

चुनाव से पहले मतदाता सूची में सामने आई गड़बड़ियां प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई हैं। दुर्ग जिले के तीन नगर निगमों भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा में कुल 37 हजार 252 मतदाताओं के नाम गलत वार्डों में दर्ज होने का मामला सामने आया था। इनमें भिलाई के 11 हजार 339, रिसाली के 24 हजार 709 और भिलाई-चरौदा के 1 हजार 204 मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस ने भी आपत्ति दर्ज कराई थी। शिकायतों में पता बदलने के बावजूद पुराने वार्ड में नाम बने रहने और नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं होने जैसे मामले सामने आए थे। इन शिकायतों के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में संशोधन किया है। दावा-आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तारीख 19 नवंबर निर्धारित की गई है। पात्र मतदाता 20 नवंबर तक फॉर्म-क-1 जमा कर सकेंगे, जिनका निराकरण 23 नवंबर तक किया जाएगा। नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन से जुड़े प्रकरणों की प्रविष्टि 25 नवंबर तक पूरी होगी। इसके बाद 30 नवंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

टिकट के दावेदारों ने शुरू की दौड़भाग

चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों में टिकट को लेकर गतिविधियां बढ़ने लगी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला कलेक्टरों ने वार्ड आरक्षण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के बाद अब संभावित उम्मीदवार अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो गए हैं। दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के दावेदार टिकट के लिए पार्टी नेताओं से संपर्क साध रहे हैं। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद प्रशासन को मतदान केंद्रों की व्यवस्था, मतदान दलों की तैनाती, चुनाव सामग्री और सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप देना होगा।

चार नगर निगमों के चुनाव पर रहेंगी सबकी नजरें

दिसंबर में होने वाले चार नगर निगमों के चुनाव राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। वर्ष 2021 में भिलाई, रिसाली, भिलाई-चरौदा और बीरगांव में हुए चुनाव में कांग्रेस ने चारों निगमों में महापौर बनाए थे। उस समय प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। वर्तमान में राज्य में भाजपा की सरकार है। ऐसे में इस बार दोनों प्रमुख दलों की चुनावी रणनीति और स्थानीय समीकरणों पर सबकी नजर रहेगी। चारों निगमों में फिलहाल कांग्रेस पार्षदों की संख्या अधिक बताई जा रही है। इस बार महापौर का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से होगा। मतदाता महापौर और अपने वार्ड के पार्षद के लिए अलग-अलग मतदान करेंगे। इससे महापौर और पार्षद पदों के चुनावी समीकरण अलग-अलग हो सकते हैं।

दुर्ग जिले के तीन निगमों में होगा राजनीतिक प्रभाव का परीक्षण

दुर्ग जिले के भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरौदा नगर निगमों के चुनाव पर विशेष नजर रहेगी। यह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू का गृह जिला है। वहीं भिलाई में कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और भाजपा विधायक रिकेश सेन के प्रभाव की भी चर्चा रहेगी। कुल मिलाकर दिसंबर में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव प्रदेश की स्थानीय राजनीति के लिए अहम होंगे। नवंबर के अंत तक चुनाव कार्यक्रम और अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद चुनावी प्रक्रिया औपचारिक रूप से गति पकड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *