पाटन। पाटन विकासखंड के ग्राम झीट में बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा मंडल स्तर पर विजयादशमी उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। प्रातः झीट के कला मंच परिसर में स्वयंसेवक एकत्रित हुए और ग्राम की बस्तियों में अनुशासित पथ संचलन करते हुए संघ की परंपरा और संगठन की एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम के उपरांत परंपरानुसार शस्त्र पूजन किया गया, जिसके पश्चात मुख्य वक्ता राजेन्द्र साहू (किसान कार्य प्रमुख, दुर्ग) ने संघ की स्थापना की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संगठन के विस्तार और राष्ट्र निर्माण में संघ की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आगामी संघ शताब्दी वर्ष को दृष्टिगत रखते हुए “पंच परिवर्तन” और “सात प्रकार के कार्यों” को आगामी समय के ध्येय रूप में अंगीकार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भुवन सिंहा (भारतीय किसान संघ) ने की, जबकि ग्राम सरपंच रूपेंद्र राजू साहू ने अतिथि के रूप में उपस्थित होकर शस्त्र पूजन में सहभागिता निभाई। तीनों गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सुरेन्द्र साहू (प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख), चेलाराम साहू, धर्मेन्द्र कौशिक, विवेक कौशिक, प्रकाश कश्यप, कृष्णा साहू, डिगेन्द्र ठाकुर, मोहन लोधी सहित 50 से अधिक स्वयंसेवक एवं विचार परिवार के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।