कोरबा , 6 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा। गुस्साए सरपंच ने पोस्टमार्टम कर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल में भारी हंगामा मच गया। जानकारी के अनुसार, 30 मार्च को एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया था। इस दौरान ग्रामीणों के साथ ग्राम बेंदकोना के सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर भी मौजूद थे।
पोस्टमार्टम में देरी होने पर परिजन और ग्रामीण जल्द प्रक्रिया पूरी करने का दबाव बना रहे थे। इसी बीच ड्यूटी पर मौजूद बुजुर्ग कर्मचारी बाल कृष्ण चनैया ने काम में व्यस्तता के चलते थोड़ी देर इंतजार करने को कहा।
बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर सरपंच ने कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई कर दी और उसका सिर दीवार में पटक दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मी को तत्काल आईसीयू में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल स्टाफ में आक्रोश फैल गया। गुस्साए कर्मचारियों ने पोस्टमार्टम कक्ष और अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने पोस्टमार्टम कार्य बंद कर दिया, जिससे अन्य मामलों की प्रक्रिया भी प्रभावित हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी सरपंच को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जल्द ही न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन द्वारा नाराज कर्मचारियों को शांत कराने और अस्पताल की व्यवस्था बहाल करने के प्रयास जारी हैं।