
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत अनेक नेताओं, संघ पदाधिकारियों व सामाजिक संगठनों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
रायपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक रुपनारायण सिन्हा के निधन के बाद बुधवार को राजधानी रायपुर के कबीर नगर स्थित उनके निवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा रहा। परिजन, स्वजन, राजनीतिक दलों के नेता, संघ के स्वयंसेवक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते रहे। कबीर नगर स्थित मुक्तिधाम में पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र नीरज सिन्हा ने नम आंखों से अपने पिता को अंतिम विदाई देते हुए मिट्टी दिया। अंतिम यात्रा के दौरान वातावरण “भारत माता की जय” और “रुपनारायण सिन्हा अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।
रुपनारायण सिन्हा के निवास पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, सांसद भोजराज नाग, विधायक धरमलाल कौशिक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह,बिसराराम यादव, रंजन पटेल,विधायक राजेश मूणत, ललित चंद्राकर, पूर्व मंत्री पूनम चंद्राकर, रामप्रताप सिंह, जितेंद्र वर्मा, चंद्रहास चंद्राकर, गौरीशंकर अग्रवाल, नेतराम निषाद, चेलाराम साहू, हलधर महामल्ला, पूरनेन्द्र सिन्हा, डिलेन्द्र कौशिक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, संघ पदाधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने रुपनारायण सिन्हा के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र, समाज और संगठन के लिए समर्पित कर दिया। संघ प्रचारक के रूप में छत्तीसगढ़ के बस्तर सहित कई क्षेत्रों में कार्य करते हुए उन्होंने सामाजिक जागरण और संगठन विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं योग आयोग के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने योग को गांव-गांव तक पहुंचाने का अभियान चलाया।
•मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का श्रद्धांजलि संदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रुपनारायण सिन्हा जी का निधन छत्तीसगढ़ और राष्ट्रवादी विचार परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन संगठन, समाजसेवा और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को समर्पित किया। योग और राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासन और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा ने कहा कि रुपनारायण सिन्हा के निधन से पूरे प्रदेश में शोक का वातावरण है। सामाजिक और वैचारिक क्षेत्र से जुड़े लोग उन्हें एक ऐसे कर्मयोगी के रूप में याद कर रहे हैं, जिन्होंने अंतिम सांस तक राष्ट्रसेवा और संगठन साधना का मार्ग नहीं छोड़ा।