गरीब मजदूर के बेटे ने किया कमाल: गातापार का लीलाधर बना अग्निवीर,समाज के पदाधिकारियों ने घर पहुंचकर किया सम्मान, माता-पिता की आंखों में छलके खुशी के आंसू

गरीब मजदूर के बेटे ने किया कमाल: गातापार का लीलाधर बना अग्निवीर,समाज के पदाधिकारियों ने घर पहुंचकर किया सम्मान, माता-पिता की आंखों में छलके खुशी के आंसू

जामगांव आर। क्षेत्र के ग्राम गातापार के गरीब मजदूर परिवार के बेटे लीलाधर साहू ने अपनी मेहनत, लगन और संघर्ष के दम पर पूरे गांव का नाम रोशन कर दिया है। लीलाधर का चयन इंडियन आर्मी में अग्निवीर के पद पर हुआ है। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बन गया। लीलाधर के पिता गिरधारी साहू एवं माता ललिता साहू दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक अभावों के बावजूद लीलाधर ने अपने सपनों को टूटने नहीं दिया और कठिन मेहनत के बल पर सेना में भर्ती होकर नई मिसाल कायम की। उसकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के सामने गरीबी भी छोटी पड़ जाती है। इस उपलब्धि की खुशी में समाज के पदाधिकारियों एवं गांव के वरिष्ठजनों ने लीलाधर के घर पहुंचकर उसका सम्मान किया। परैक्षेत्रिय अध्यक्ष टेश राम साहू, उपसरपंच दिलीप साहू, पंच युवराज साहू, पंच पवन साहू, नरेन्द्र साहू, नित्यानंद साहू, गजेंद्र साहू, देवेंद्र साहू, धर्मेंद्र साहू, भूषण साहू सहित अन्य गणमान्य लोगों ने शॉल ओढ़ाकर एवं नारियल भेंट कर लीलाधर को शुभकामनाएं दीं।

सम्मान समारोह के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। बेटे की सफलता पर मां ललिता साहू की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उपस्थित लोगों ने परिवार को बधाई देते हुए इसे पूरे गांव के लिए गौरव का क्षण बताया। इस अवसर पर परैक्षेत्रिय अध्यक्ष टेश राम साहू ने कहा कि, “लीलाधर ने यह सिद्ध कर दिया कि प्रतिभा सुविधाओं की मोहताज नहीं होती। यह सिर्फ उसके परिवार की नहीं बल्कि पूरे गातापार गांव की जीत है। देश सेवा के लिए गांव का बेटा सेना में जा रहा है, इससे बड़ा गर्व का विषय नहीं हो सकता। वहीं लीलाधर साहू ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और गांववासियों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से देश की सेवा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *