रायपुर, 20 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा को सशक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना 2025 का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। यह योजना उन ग्रामों तक सार्वजनिक परिवहन सुविधा पहुँचाने की एक महत्वपूर्ण पहल है, जहाँ अब तक यात्री बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। योजना के प्रथम चरण में बस्तर एवं सरगुजा संभाग के जिलों को शामिल किया गया है। अब तक मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के अंतर्गत कुल 57 चयनित मार्गों पर 57 बसों का संचालन प्रारंभ किया जा चुका है। इन बसों के माध्यम से 330 नए गाँवों को पहली बार यात्री बस सुविधा से जोड़ा गया है, जिससे ग्रामीण जनजीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है। योजना का मुख्य उद्देश्य ऐसे ग्रामीण क्षेत्रों को जनपद मुख्यालय, नगरीय क्षेत्र, तहसील एवं जिला मुख्यालयों से जोड़ना है, जहाँ पूर्व में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं थी। इसके माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा प्रशासनिक सेवाओं तक सुगम पहुँच मिल रही है।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत बस संचालकों को राज्य शासन द्वारा प्रति किलोमीटर वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। प्रथम वर्ष ₹26 प्रति किलोमीटर, द्वितीय वर्ष ₹24 प्रति किलोमीटर तथा तृतीय वर्ष ₹22 प्रति किलोमीटर की दर से सहायता दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, अधिकतम तीन वर्षों की अवधि के लिए गासिक कर में पूर्ण छूट भी प्रदान की गई है, जिससे ग्रामीण मार्गों पर बस संचालन आर्थिक रूप से व्यवहार्य बन सके। योजना के अंतर्गत मार्ग चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है। जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा के आधार पर राज्य स्तरीय समिति द्वारा मार्गों का चयन किया जाता है, ताकि वास्तविक आवश्यकता वाले क्षेत्रों को प्राथमिकता मिल सके। चयनित मार्गों पर बस संचालन हेतु निविदा प्रक्रिया अपनाई जाती है, जिसमें न्यूनतम वित्तीय दर प्रस्तावित करने वाले पात्र आवेदक का चयन किया जाता है।
वर्तमान में 12 नवीन ग्रामीण मार्गों पर बस संचालन की प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, वहीं 15 नए ग्रामीण मार्गों का चयन कर निविदाएँ आमंत्रित की गई हैं। जिलावार स्थिति के अनुसार सुकमा में 8, नारायणपुर में 4, जगदलपुर में 2, कोण्डागांव में 4, कांकेर में 6, दंतेवाड़ा में 7, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 2, सूरजपुर में 6, कोरिया में 5, जशपुर में 7, बलरामपुर में 4 तथा अंबिकापुर में 2 बसों का संचालन किया जा रहा है। इस प्रकार कुल 57 मार्गों पर 57 बसें संचालित हैं।
आगामी कार्ययोजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत 200 बसों के संचालन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राज्य सरकार का यह प्रयास ग्रामीण कनेक्टिविटी को मजबूत कर समावेशी विकास, सामाजिक सशक्तिकरण और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।