अंजोरा में पीएम विकास परियोजना का प्रशिक्षण सम्पन्न, 12 नवनियुक्त सरपंच हुए शामिल

दुर्ग। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री विकास परियोजना (पीएम विकास) के प्रचार-प्रसार एवं पंचायत स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दुर्ग जिला पंचायत संसाधन केंद्र (DPRC) अंजोरा में मंगलवार को विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में विकासखंड दुर्ग, पाटन एवं घमघा के 12 नवनियुक्त सरपंचों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा योजना की सूक्ष्म जानकारियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाना रहा। सहयोगी रेडियो 91.2 एफएम के आउटरीच कार्यक्रम के तहत 1 जनवरी 2026 से विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, पंचायती राज संस्थाओं एवं प्रशिक्षण केंद्रों में पीएम विकास परियोजना का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित इस सत्र में सरपंचों को योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि पीएम विकास (प्रधानमंत्री विरासत संवर्धन परियोजना) अल्पसंख्यक मंत्रालय की एक समग्र पहल है, जिसमें सीखो और कमाओ, उस्ताद, हमारी धरोहर, नई रोशनी एवं नई मंजिल जैसी योजनाओं का समावेश किया गया है। सत्र में पात्रता मानदंड, आवेदन प्रक्रिया, हमारी विरासत–हमारा गौरव, रेडियो चौपाल, संवाद-साक्षात्कार, सफल हितग्राहियों के अनुभव, हुनर हाट के माध्यम से बाजार संपर्क, स्थानीय कला-संस्कृति का संरक्षण तथा निरंतर जागरूकता अभियानों पर विस्तार से चर्चा हुई।
रेडियो समन्वय कार्यक्रम के अंतर्गत रेडियो रायपुरिया पर प्रतिदिन 60 सेकंड का रेडियो स्पॉट प्रसारित किया जा रहा है। साथ ही, सहयोगी रेडियो द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान एवं क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण निरंतर संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं हितग्राहियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम में DPRC अंजोरा के संकाय सदस्य श्री परमार, सुश्री प्रभा ध्रुव एवं सहयोगी रेडियो के केंद्र निर्देशक महेंद्र सिन्हा ने पंचायती राज अधिनियम के साथ-साथ पीएम विकास योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए पंचायत स्तर पर इसके प्रभावी प्रचार का आह्वान किया।

प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत भरदा की सरपंच श्रीमती सुनीता भारदिय, कोनारी श्रीमती गुंजेश्वरी साहू, बिरेझर इंद्रजीत साहू, झोला श्रीमती बसंती निषाद, मोहलाई नरेंद्र निषाद, पीपरछेड़ी श्रीमती ललिता निषाद, खपरी श्रीमती अनुसुईया साहू, महमरा श्रीमती नर्मदा बाई ठाकुर, रसमड़ा श्रीमती मोतिम बालकिशन निषाद, नगपुरा श्रीमती सरोज भूपेंद्र रिंगरी, कोलिहापुरी ईश्वर साहू एवं पीसेगांव श्रीमती द्रौपती देशमुख उपस्थित रहीं।
अंत में सहयोगी रेडियो की कार्यक्रम संयोजक श्रीमती यामिनी हरमुख एवं जेंडर इक्विटी फेलो अंचल मानिकपुरी ने आभार व्यक्त किया। जिला प्रशासन ने सभी सरपंचों से अपील की है कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में पीएम विकास परियोजना का अधिक से अधिक प्रचार कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *