दुर्ग। कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान के तहत शुक्रवार को दुर्ग में कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने यहां जनसभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा फर्जी मतदाता जोड़कर और फर्जी मतदान प्रतिशत बढ़ाकर चुनाव जीत रही है। सभा स्थल पर पहुंचने से पहले सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बाइक चलाते हुए रैली में शामिल हुए। पाटन और दुर्ग के करीब 300 युवा इस रैली में शामिल रहे। गांधी चौक पर हुई सभा में पायलट ने कहा— “यह सिर्फ वोट की चोरी नहीं बल्कि लोकतंत्र और आम आदमी के वोट के अधिकार का हनन है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पूरे देश में हस्ताक्षर अभियान चला रही है और जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल करेगी।”
भूपेश बघेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश ने लोहा चोर, अनाज चोर और बिजली चोर तो देखे थे, लेकिन पहली बार वोट चोरी करने वाली पार्टी देखी है। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में 48 सीटों पर वोट चोरी न होती तो आज राहुल गांधी प्रधानमंत्री होते।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता पाने के लिए “साम, दाम, दंड, भेद” की राजनीति करती है। उन्होंने बढ़ती महंगाई और महंगी बिजली को लेकर सरकार को घेरा। वहीं पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने कहा कि किसानों को डीएपी और यूरिया खाद तक नहीं मिल रही, 266 रुपए की खाद 1000 रुपए में बेची जा रही है।
पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने भाजपा की बूथ स्तर की रणनीति पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पन्ना प्रमुखों को फर्जी मतदाता जोड़ने और फर्जी मतदान कराने की ट्रेनिंग देती है।कांग्रेस ने घोषणा की कि “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान गांव-गांव तक ले जाया जाएगा। आम जनता से हस्ताक्षर कराए जाएंगे और चुनाव आयोग को कार्रवाई के लिए सौंपे जाएंगे।सभा से पहले सचिन पायलट ने सतनाम भवन पहुंचकर मिनी माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, गुरुद्वारा में मत्था टेका और यादव व बोहरा समाज के स्वागत पंडालों में पहुंचे। सभा के दौरान जब पास की मस्जिद में नमाज शुरू हुई तो पायलट ने अपना भाषण लगभग डेढ़ मिनट तक रोककर धार्मिक सद्भाव का उदाहरण भी पेश किया।