दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने गुरुवार को रिसाली नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के 97 हितग्राहियों को नए मकानों में गृह प्रवेश कराया। इस अवसर पर हितग्राहियों को सांकेतिक चाबी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
निगम आयुक्त मोनिका वर्मा ने बताया कि “मोर जमीन-मोर मकान” योजना के तहत रिसाली में कुल 1810 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से अब तक 1737 आवास पूर्ण हो चुके हैं। विधायक चंद्राकर ने इस आयोजन को “अंगीकार 2025” अभियान का पहला बड़ा कार्यक्रम बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास, सूर्यघर और स्वनिधि जैसी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।
गृह प्रवेश कार्यक्रम के बाद विधायक ने रिसाली नगर निगम के स्वच्छता पखवाड़े का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मानव श्रृंखला में शामिल होकर लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और स्वयं भी 100 घंटे सफाई करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता तभी सफल होगी जब इसमें हर नागरिक की भागीदारी होगी।
विधायक ने निगम के डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रशासन पुराने और खराब वाहनों को हटाकर नए रिक्शा-वाहन वार्डों में भेज रहा है, ताकि नियमित कचरा संग्रहण सुनिश्चित हो सके।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर निगम प्रशासन ने सख्ती भी दिखाई। बाजार क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान 2 किलो से अधिक प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरीबैग जब्त किए गए और पांच दुकानदारों से कुल 3000 रुपए जुर्माना वसूला गया। चेतावनी दी गई कि अगली बार पकड़े जाने पर चालान राशि दोगुनी होगी।