रेत विवाद ने ली दो जान! भाजपा नेता को कार में जिंदा जलाया, शिक्षक भाई की भी इलाज के दौरान मौत

रेत विवाद ने ली दो जान! भाजपा नेता को कार में जिंदा जलाया, शिक्षक भाई की भी इलाज के दौरान मौत

कोरिया, 17 जून 2026। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत कारोबार से जुड़े कथित विवाद ने दो लोगों की जान ले ली। सोनहत थाना क्षेत्र में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह को उनकी फॉर्च्यूनर कार सहित जिंदा जलाए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले में गंभीर रूप से झुलसे उनके भाई एवं शिक्षक नागेंद्र सिंह की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। दोहरी मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, भरत सिंह अपने घर के सामने खड़ी फॉर्च्यूनर वाहन में बैठे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और कथित तौर पर वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई। भरत सिंह वाहन से बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना में भरत सिंह के भाई नागेंद्र सिंह, वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सभी को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां नागेंद्र सिंह ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे रेत कारोबार से जुड़ा पुराना विवाद सामने आ रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

घटना के बाद सोनहत क्षेत्र में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *