पाटन जनपद कार्यालय में संगवारी जेंडर संसाधन केंद्र का उद्घाटन, महिलाओं को मिलेगा सशक्त मंच

पाटन। पाटन ब्लॉक जनपद कार्यालय में आज बिहान कार्यक्रम एवं चैतन्य संस्था के संयुक्त सहयोग से संगवारी जेंडर संसाधन केंद्र (जीआरसी) का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, सभापति खेमलाल देशलाहरे, जनपद सदस्य भास्कर वर्मा, जनपद सीईओ जागेंद्र साहू, एडिशनल सीईओ श्वेता यादव, क्षेत्रीय समन्वयक अमित द्विवेदी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। उद्घाटन कार्यक्रम में बिहान की सभी पीआरपी दीदियों एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान संगवारी जेंडर संसाधन केंद्र के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यह केंद्र महिलाओं से जुड़ी जेंडर आधारित समस्याओं, घरेलू हिंसा, सामाजिक भेदभाव एवं अन्य मुद्दों पर मार्गदर्शन, परामर्श और समाधान उपलब्ध कराएगा। बिहान कार्यक्रम और चैतन्य संस्था के सहयोग से स्थापित यह केंद्र महिलाओं के लिए एक सुरक्षित, सहयोगात्मक और भरोसेमंद मंच के रूप में कार्य करेगा, जहाँ वे बिना संकोच अपनी समस्याओं को साझा कर सकेंगी और आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *