दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन (शासकीय कर्मचारी कल्याण शाखा) मंत्रालय महानदी भवन रायपुर के आदेश क्रमांक डब्लूईएलएफ-3001/2024-जीएडी-9, नया रायपुर अटलनगर दिनांक 10 नवंबर 2025 के तारतम्य में जिला स्तरीय संयुक्त परामर्शदात्री समिति की बैठक दिनांक 19 दिसंबर 2025, शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष दुर्ग में आयोजित की गई। बैठक कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।
बैठक में जिले के समस्त विभागों के प्रमुख अधिकारी विभागीय जानकारी सहित उपस्थित रहे। इस दौरान कर्मचारी नेताओं द्वारा समयमान वेतनमान को 10, 20 एवं 30 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर पात्रतानुसार नियमित रूप से प्रदान किए जाने, विभागीय जांच प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण, सेवा पुस्तिका संधारण के अद्यतन, चिकित्सा अवकाश तथा यात्रा भत्ता से संबंधित अद्यतन स्थिति पर चर्चा की गई।
कर्मचारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर माननीय कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को यथासमय निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान शासन की प्राथमिकता है।
बैठक में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के जिला प्रमुख नेताओं की उपस्थिति रही, जिनमें प्रमुख रूप से भानु प्रताप यादव (जिलाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, दुर्ग), शिवदयाल धृतलहरे (सचिव), हेमसिंह ठाकुर (जिलाध्यक्ष, लिपिक कर्मचारी संघ), सुरेश साहू (जिलाध्यक्ष, सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी संघ), व्ही.एस. राव (कार्यकारी प्रांताध्यक्ष, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ), मोतीराम खिलाड़ी (लघुवेतन शासकीय कर्मचारी संघ), प्रमोद श्रीवास्तव (जिलाध्यक्ष, राजस्व पटवारी संघ), सुखेन्द्र देवांगन (संयोजक, जिला शिक्षा विभाग) एवं सत्येन्द्र गुप्ता (जिलाध्यक्ष, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, दुर्ग) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।