भिलाई। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (BJYM) भिलाई जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट 2026-27 का स्वागत करते हुए इसे विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार का यह तीसरा जनकल्याणकारी बजट प्रदेश को नई दिशा और गति प्रदान करेगा। जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के गठन के बाद पिछले 25 वर्षों में जहां बजट का आकार 5 हजार करोड़ रुपये था, वह अब 35 गुना बढ़कर 1.72 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इस वर्ष बजट की थीम ‘संकल्प’ रखी गई है, जो सरकार की दूरदर्शिता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। युवाओं पर विशेष फोकस करते हुए 1097 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य के विश्वविद्यालयों को अनुदान और व्यावसायिक विस्तार के लिए 731 करोड़ रुपये, स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शाला योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही 25 नए महाविद्यालय भवन निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये, आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों के अधोसंरचना उन्नयन के लिए 50 करोड़ रुपये तथा नए CGIT संस्थानों की स्थापना के लिए 38 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना हेतु 5 करोड़ रुपये, CG ACE योजना (प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सहायता) के लिए 33 करोड़ रुपये तथा 36 इन्क्यूबेशन सेंटर एवं STPI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए 35 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नालंदा पुस्तकालय में करियर काउंसलिंग केंद्र के लिए 10 करोड़ रुपये की घोषणा भी की गई है।
शिक्षा क्षेत्र में विशेष पहल करते हुए अबूझमाड़ और जगरगुंडा में दो नई एजुकेशन सिटी स्थापित करने के लिए 100 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान रखा गया है। महिला सशक्तिकरण के तहत महतारी वंदन योजना में अब तक 70 लाख महिलाओं को 14 हजार करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। नए बजट में इस योजना के लिए 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र में 5 नए आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 42 करोड़ रुपये, आयुष्मान योजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 2,000 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। दवाओं की गुणवत्ता जांच हेतु 25 करोड़ रुपये की लागत से प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। रायपुर में नया होम्योपैथी कॉलेज खोले जाने और मेडिकल कॉलेज के लिए 50 करोड़ रुपये के साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती की भी घोषणा की गई है।जायसवाल ने कहा कि यह बजट युवाओं, महिलाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में समग्र विकास को सुनिश्चित करेगा और छत्तीसगढ़ को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा। यह जानकारी जिला मीडिया प्रभारी जयंत शर्मा ने दी।