
जामगांव आर। भिलाई सेक्टर-4 में आयोजित शालेय जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में संस्कार पब्लिक स्कूल, आमालोरी गाड़ाडीह के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 10 खिलाड़ियों का चयन संभाग स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
प्रतियोगिता के दौरान अंडर-14 बालक वर्ग में पंकज टंडन ने दुर्ग ब्लॉक के विरुद्ध शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 6 गोल दागे, जबकि करन साहू ने 5 गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों में अंडर-14 बालक वर्ग से पंकज टंडन, करन साहू एवं जिज्ञासु कुमार यादव, अंडर-17 बालिका वर्ग से चेतना साहू एवं रुचि दहरे तथा अंडर-17 बालक वर्ग से जय चंद्राकर, नमन देवांगन, गगनदीप कमड़े, निधिश देवांगन एवं अंश साहू शामिल हैं।
विद्यालय परिवार ने इसे गर्व का क्षण बताते हुए सभी चयनित खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की प्राचार्य अर्चना शुक्ला एवं समस्त स्टाफ ने खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और टीम भावना की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे।