“जामगांव आर महाविद्यालय में गूंज उठी संस्कृत वाणी – व्यास पूजा संग भारतीय ज्ञान परंपरा को लेकर हुआ व्याख्यान

जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय, जामगांव आर भरर में शुक्रवार को भारतीय ज्ञान परंपरा के पुनरुद्धार और संस्कृत भाषा के महत्व को लेकर एक सारगर्भित व्याख्यान व व्यास पूजा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल के मार्गदर्शन व अध्यक्षता में किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को न केवल संस्कृत भाषा की गरिमा से अवगत कराया गया, बल्कि गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता भी समझाई गई। इस अवसर पर संस्कृतभारती के प्रांत संगठन मंत्री हेमंत साहू एवं शिक्षण प्रमुख नरेंद्र साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संस्कृत भाषा ईश्वर प्रदत्त अमूल्य धरोहर है और इसे पुनः जीवित करना हम सभी का दायित्व है। श्री नरेंद्र साहू ने 20 घंटे में धाराप्रवाह संस्कृत बोलना सिखाने वाली योजना की घोषणा करते हुए इसे विद्यार्थियों के लिए नि:शुल्क बताया।

प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने कहा कि संस्कृत सभी भाषाओं की जननी है। दैनिक जीवन में छोटे-छोटे संस्कृत शब्दों का प्रयोग कर हम इस भाषा को पुनर्जीवित कर सकते हैं। व्यास पूजा कार्यक्रम के अंतर्गत भारतीय संस्कृति ज्ञान संगठन के प्रभारी एस. आर. बांधे, सी. के. साहू, अशोक देशमुख एवं रूक्मिणी निर्मलकर ने गुरु-शिष्य परंपरा की भारतीय परंपरा को सरल भाषा में समझाया। गायत्री मंत्र के उच्चारण के साथ पूजा की विधि बताई गई।

सेवानिवृत्त एसडीएम श्री बांधे ने विद्यार्थियों को उद्देश्यपूर्ण जीवन की प्रेरणा दिया और गायत्री परिवार की पत्रिका ‘प्रज्ञा अभियान’ को वितरित किया गया, साथ ही इसके नि:शुल्क सदस्यता की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम का संचालन प्रोफे चेतना सोनी (एनएसएस प्रभारी) द्वारा किया गया और धन्यवाद ज्ञापन प्रोफे नीता कुम्हारे ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में डॉ. अरुणेंद्र तिवारी, डॉ. संतोष पांडे, मनीष साहू, मनोज यादव, मुकेश कठोतिया, एम. जोशी सहित समस्त अधिकारी, कर्मचारीगण व राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *