
दो दशक से अधिक समय से समाजसेवा में सक्रिय, ‘एक देश-एक सेन समाज’ के संकल्प के साथ करेंगे संगठन को मजबूत
धमधा। निस्वार्थ समाजसेवा, संगठनात्मक सक्रियता और सामाजिक एकता के लिए लगातार किए गए कार्यों का सम्मान करते हुए संतोष कुमार उमरे को सर्वसम्मति से सर्व सेन नाई समाज, धमधा ब्लॉक का अध्यक्ष चुना गया है। उनके चयन से समाज में खुशी का माहौल है और छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों के सामाजिक पदाधिकारियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
संतोष कुमार उमरे ने बताया कि समाज सेवा की प्रेरणा उन्हें स्वर्गीय माधो प्रसाद सेन से मिली। मेड़ेसरा में आयोजित सामाजिक सम्मेलन में दरी बिछाने, कुर्सियां लगाने, नाश्ता वितरण और अन्य व्यवस्थाओं से उन्होंने सेवा यात्रा की शुरुआत की। उसी समय उन्होंने जीवनभर समाज की सेवा करने का संकल्प लिया और वर्षों तक बिना किसी पद की अपेक्षा के निरंतर समाजहित में कार्य करते रहे। वर्ष 2003 से उन्होंने संगठित रूप से समाज सेवा प्रारंभ की। इस दौरान ब्लॉक स्तर पर उपाध्यक्ष, सह सचिव और सचिव जैसे दायित्व निभाने के साथ प्रदेश स्तर पर भी कई वरिष्ठ समाजसेवियों के साथ संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने दल्लीराजहरा, गुंडरदेही, अर्जुंदा, कोरबा, रायपुर, दुर्ग, भिलाई, धमधा, लिटिया और सेमरिया सहित अनेक स्थानों पर आयोजित सेन जयंती एवं सामाजिक आयोजनों में अपने निजी व्यय से पहुंचकर सेवाएं दीं।
कोविड-19 महामारी के दौरान समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से उन्होंने साइकिल एवं पैदल जनसंपर्क अभियान चलाया, जो बेमेतरा, कवर्धा, राजनांदगांव, गंडई, भिलाई, दुर्ग और बालोद तक पहुंचा। इसी क्रम में उनकी पुस्तक “सामाजिक एकता संदेश” प्रकाशित हुई, जिसे छत्तीसगढ़ में सर्व सेन नाई समाज पर आधारित पहली पुस्तक माना जाता है। पुस्तक का उद्देश्य सामाजिक कुरीतियों को समाप्त कर समाज में एकता और जागरूकता बढ़ाना है। राष्ट्रीय स्तर पर भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे तीन वर्षों तक राष्ट्रीय प्रेस सचिव तथा दो वर्षों तक प्रांत संयोजक (छत्तीसगढ़) के रूप में कार्य कर चुके हैं। उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए उन्हें “सेन रत्न”, “पर्यावरण मित्र” सम्मान तथा राष्ट्रीय सेवा योजना का “बी” प्रमाण-पत्र भी प्राप्त हो चुका है।
वर्तमान में वे माँ नारायणी नेशनल वेलफेयर ट्रस्ट के माध्यम से महिला शिक्षा, वृक्षारोपण, रक्तदान, सामूहिक विवाह, गौ-सेवा, बच्चों को पाठ्य सामग्री वितरण तथा सेन जयंती जैसे विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का संचालन कर रहे हैं। साथ ही वे समाज में नशामुक्ति अभियान भी चला रहे हैं। नवनिर्वाचित अध्यक्ष संतोष कुमार उमरे ने कहा कि उनका लक्ष्य “एक देश, एक सेन समाज” की भावना को साकार करना और समाज में संगठन, शिक्षा तथा आपसी सहयोग को मजबूत बनाना है। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे एक-दूसरे की आलोचना करने के बजाय सहयोग और एकता की भावना से समाज को आगे बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं।