पाटन। ग्राम गभरा में सतनाम युवा संगठन के तत्वावधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर जनपद सभापति प्रणव शर्मा ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन हमें यह सिखाता है कि कठिनाइयाँ चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हों, यदि हमारे पास दृढ़ संकल्प और शिक्षा की शक्ति है, तो हम किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा के माध्यम से समाज में समानता स्थापित करने का कार्य किया। उनका प्रसिद्ध नारा “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” आज भी समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य देवेन्द्र चंद्रवंशी, पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी आशीष वर्मा, सरपंच कमलेश ठाकुर, उपसरपंच अंकित आडिल, रमेश कुर्रे एवं सतनाम युवा संगठन के नीतीश कुर्रे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात कर समाज में समानता और जागरूकता लाने का संकल्प लिया।