पाटन। संत शिरोमणि श्री सेन जी महाराज की जयंती एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन स्वामी आत्मानंद ऑडिटोरियम, जनपद पंचायत के सामने पाटन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ संत सेन जी महाराज के तेल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। समारोह के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक रिंकेश सेन ने की। विशिष्ट अतिथियों में योगेश निक्की भाले (नगर पंचायत अध्यक्ष), कल्पना नारद साहू (जिला पंचायत सदस्य), नेहा बाबा वर्मा, लक्ष्मी नारायण सेन, संतोष सेन, निशा सोनी, चंद्रहास देवांगन, भीखम सेन, भुवनलाल कौशिक, नरेश श्रीवास (पार्षद), सुरुचि उभरे एवं किलेश्वरी उमरे सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सभी अतिथियों का स्वागत शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कल्पना नारद साहू ने कहा कि संत सेन जी महाराज भगवान विष्णु के परम उपासक थे, जिन्होंने अपने भक्ति भाव से सेन समाज का मान-सम्मान बढ़ाया। वहीं योगेश निक्की भाले ने समाज को जयंती की बधाई देते हुए कहा कि सेन समाज हर वर्ग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मुख्य अतिथि विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह दिन अत्यंत पवित्र है और सेन समाज सेवा, समर्पण एवं पवित्रता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर जीवन के विभिन्न संस्कारों तक समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। समाज की एकता को सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए उन्होंने सभी वर्गों की सहभागिता से विकास का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने बताया कि नारी सशक्तिकरण एवं आरक्षण के विषय में 16 अप्रैल को दिल्ली में आयोजित महत्वपूर्ण कार्यक्रम में वे भाग लेने जा रहे हैं।