दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में इन दिनों सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है, जिसके तहत आम नागरिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए सख्ती से जागरूक किया जा रहा है। इसी बीच शुक्रवार को स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे बिना हेलमेट बाइक चलाते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि यह वीडियो खुद मंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है। वीडियो में मंत्री गजेंद्र यादव बिना हेलमेट शहर की सड़कों पर बाइक से घूमते दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य ऐसे समय में सामने आया है, जब ट्रैफिक पुलिस आम लोगों के खिलाफ हेलमेट, सीट बेल्ट और अन्य नियमों को लेकर लगातार चालानी कार्रवाई कर रही है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की नाराजगी खुलकर सामने आ रही है।
सोशल मीडिया यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि जब आम नागरिकों से ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जा रहा है, तो मंत्री और जनप्रतिनिधियों पर वही नियम क्यों लागू नहीं होते। कई लोगों ने इसे दोहरा मापदंड बताते हुए कानून की समानता पर सवाल खड़े किए हैं। कुछ यूजर्स ने कटाक्ष करते हुए लिखा कि “हेलमेट लगेगा तो बाहुबली का चांद का मुखड़ा नहीं दिखेगा।”
मामले को लेकर अब तक मंत्री गजेंद्र यादव या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सड़क सुरक्षा माह के दौरान एक जनप्रतिनिधि द्वारा नियमों की खुलेआम अनदेखी किए जाने से पूरे अभियान की गंभीरता पर भी सवाल उठने लगे हैं। उल्लेखनीय है कि सड़क सुरक्षा माह का उद्देश्य दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना है। ऐसे में जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वे स्वयं नियमों का पालन कर समाज के लिए उदाहरण पेश करें।