रायपुर में हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला: नशीला पदार्थ पिलाकर बनाई अश्लील तस्वीरें, 6 महीने में 2.17 लाख की ब्लैकमेलिंग, दो महिलाएं गिरफ्तार

रायपुर में हनीट्रैप का सनसनीखेज मामला: नशीला पदार्थ पिलाकर बनाई अश्लील तस्वीरें, 6 महीने में 2.17 लाख की ब्लैकमेलिंग, दो महिलाएं गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक 54 वर्षीय व्यक्ति ने दो महिलाओं पर दोस्ती का फायदा उठाकर नशीला पदार्थ पिलाने, आपत्तिजनक तस्वीरें खींचने और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर छह महीने में 2.17 लाख रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बीरगांव गांधी नगर निवासी दुलीचंद कुम्हार (54) की पहचान अशोक नगर श्मशान घाट के पास रहने वाली मांगेश्वरी सिंह उर्फ जोगेश्वरी उर्फ रिंकी से थी। शिकायत के मुताबिक, 6 जनवरी 2026 को महिला ने उन्हें अपने घर बुलाया, जहां पहले से एक अन्य महिला मौजूद थी।
नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि दोनों महिलाओं ने उसे शराब में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया। इसके बाद वह बेहोश हो गया। करीब चार से पांच घंटे बाद होश आने पर उसने खुद को बिना कपड़ों के पाया। किसी तरह कपड़े पहनकर वह अपने घर लौट गया।
तस्वीरें दिखाकर शुरू की ब्लैकमेलिंग
पीड़ित का कहना है कि घटना के दो दिन बाद महिला ने उसे दोबारा बुलाकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाईं और उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा परिवार के लोगों को भेजने की धमकी दी। बदनामी के डर से उसने 8 जनवरी को ऑनलाइन 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
हर महीने वसूली, कुल 2.17 लाख रुपये ऐंठे
शिकायत के अनुसार, पहली रकम मिलने के बाद भी ब्लैकमेलिंग का सिलसिला जारी रहा। आरोपियों ने जनवरी से जून तक अलग-अलग किस्तों में पैसे वसूले। इस दौरान पीड़ित से कुल 2 लाख 17 हजार रुपये ले लिए गए। इसके बावजूद आरोपी महिलाएं लगातार और पैसे की मांग करती रहीं तथा तस्वीरें वायरल करने की धमकी देती रहीं।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पीड़ित ने आखिरकार गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *