
जामगांव आर। विकासखंड पाटन अंतर्गत स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय (सेजेस) बेल्हारी में विभागीय निर्देशानुसार शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) के गठन के लिए पालकों की महत्वपूर्ण बैठक प्राचार्य रीना चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं विकासात्मक कार्यों की समीक्षा करते हुए नई शाला प्रबंधन समिति एवं पालक-शिक्षक समिति के गठन पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित पालकों ने पहले 18 पालक सदस्यों का चयन किया। इसके बाद चयनित सदस्यों की बैठक में सर्वसम्मति से बेल्हारी निवासी मनीष चंद्राकर को शाला प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा ग्राम अरमरीखुर्द की ज्योति साहू को उपाध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन के बाद समिति के सदस्यों को विद्यालय की कार्यप्रणाली, शासन की विभिन्न योजनाओं, समिति की जिम्मेदारियों तथा विद्यालय विकास से जुड़े प्रस्तावों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रथम बैठक में शाला प्रवेश उत्सव-2026, विद्यालय अनुदान राशि के सदुपयोग, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था, विद्यालय परिसर में आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्य, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन तथा विद्यालय शुल्क से जुड़े विषयों पर गंभीरता से चर्चा हुई।
• विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर करेंगे काम” – चंद्राकर
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मनीष चंद्राकर ने सभी पालकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “शाला प्रबंधन समिति की जिम्मेदारी केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी हुई है। हमारी प्राथमिकता विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास और पालकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना होगी। सभी सदस्यों के सहयोग से विद्यालय को उत्कृष्टता की नई पहचान दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। प्राचार्य रीना चौधरी ने विद्यालय की उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए समिति के सभी सदस्यों से विद्यालय के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
• समिति में ये सदस्य शामिल –
नवगठित शाला प्रबंधन समिति में अध्यक्ष मनीष चंद्राकर, उपाध्यक्ष ज्योति साहू, सचिव प्राचार्य रीना चौधरी, वरिष्ठ शिक्षक वाई. के. साहू, नीता वर्मा, पंचायत प्रतिनिधि सरपंच अमित अग्रवाल, जितेश्वरी साहू, शिक्षाविद रामसिंह बंसोड, स्वास्थ्य कार्यकर्ता इंदिरा अहीर सहित पालक सदस्य महेश साहू, यादमल गोलछा, मुकेश चंद्राकर, पवन साहू, भूपेंद्र मार्कण्डेय, डिकेश देवांगन, युवराज साहू, कैलाश निषाद, चंद्रकला कुर्रे, लक्ष्मी प्रजापति, बिंदु प्रजापति, कीर्ति जारके, दुर्गा प्रजापति, गीता धनकर, ममता भीमगंज एवं रितु धनकर शामिल हैं।