YC न्यूज़ डेस्क । विशाखापत्तनम के प्रसिद्ध सिंहचलम स्थित श्री वराह लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर में बुधवार सुबह उस समय भयानक हादसा हो गया, जब चंदनोत्सवम उत्सव के दौरान निर्माणाधीन दीवार गिर गई। इस दुर्घटना में सात श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर के दर्शन हेतु 300 रुपये की कतार में खड़े थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीवार का लगभग 20 फुट लंबा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे नीचे खड़े श्रद्धालु दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ। राहत और बचाव कार्य के लिए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, यह दीवार अस्थायी रूप से उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ नियंत्रित करने हेतु बनाई गई थी। हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है और घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की बात कही है। मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।