YC न्यूज़ डेस्क । पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार की ओर से लगातार उच्चस्तरीय बैठकें की जा रही हैं। बुधवार को दिन की तीसरी महत्वपूर्ण बैठक कैबिनेट की आर्थिक मामलों की कमेटी (CCEA) की होगी, जिसके बाद दिन का सबसे अहम सत्र — कैबिनेट की पूर्ण बैठक — आयोजित किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, यह बैठक बेहद निर्णायक मानी जा रही है। इसमें पाकिस्तान के खिलाफ भारत की संभावित प्रतिक्रियाओं और पहले लिए गए सुरक्षा फैसलों पर अंतिम मुहर लगाई जा सकती है। बीते कुछ दिनों में सिंधु जल समझौते को निलंबित करना, पाकिस्तानी राजनयिकों की संख्या में कटौती और सीमावर्ती सतर्कता को बढ़ाना जैसे कई कड़े निर्णय लिए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित कैबिनेट के वरिष्ठ सदस्य इस बैठक में मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि मोदी कैबिनेट आज पाकिस्तान के खिलाफ रणनीतिक और कूटनीतिक मोर्चे पर भारत की दिशा तय कर सकती है।
पृष्ठभूमि में क्या है:–
पहलगाम हमले के बाद भारत में गुस्से का माहौल है और आमजन से लेकर राजनीतिक नेतृत्व तक सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। अब सबकी नजरें मोदी कैबिनेट पर टिकी हैं — क्या अगला कदम सर्जिकल स्ट्राइक जैसा कुछ बड़ा होगा?