रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार शाम देशभक्ति की अद्वितीय मिसाल देखने को मिली, जब हजारों की संख्या में नागरिक ‘तिरंगा यात्रा’ में शामिल होकर एकजुटता और राष्ट्रप्रेम का संदेश लेकर सड़कों पर उतर आए। मरीन ड्राइव से नगर घड़ी चौक तक निकली इस भव्य यात्रा में हर वर्ग, धर्म, समुदाय के लोगों ने हाथ में तिरंगा थामे “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष के साथ हिस्सा लिया। रायपुर की यह तिरंगा यात्रा न केवल राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बनी, बल्कि यह संदेश भी दे गई कि देश की रक्षा और एकता के लिए पूरा भारत एक साथ खड़ा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने देश की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए कहा, “जब राष्ट्र की रक्षा की बात आती है, तो हम सब एक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना के साथ पूरे देश की जनता खड़ी है।” उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर सेना को नमन करते हुए कहा कि भारत अब नया भारत है, जो किसी दुस्साहस का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी की कुशल कूटनीति ने भारत की साख को वैश्विक मंच पर ऊँचाइयों तक पहुंचाया है। ऑपरेशन सिंदूर अभी स्थगित है, समाप्त नहीं। हमें अफवाहों से बचना है और अपनी सेना पर पूर्ण विश्वास रखना है।”
लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने तिरंगा यात्रा को राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊँचाइयों को छू रहा है। वहीं, जगदलपुर विधायक किरण देव ने ऑपरेशन सिंदूर को बहादुरी और शौर्य की प्रतिमूर्ति बताया।
कार्यक्रम संयोजक और नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा, “देश की 140 करोड़ जनता सेना के साथ है। तिरंगा यात्रा भारतीय सेना को सम्मान और समर्थन देने की अभूतपूर्व पहल है।”
बताया गया कि इस विशाल यात्रा में लगभग 10 हजार लोग शामिल हुए। यात्रा में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, महापौर मीनल चौबे, तथा कई विधायकगण शामिल रहे।