बस्तर को मिली बड़ी रेल सौगात, रावघाट-जगदलपुर नई रेल लाइन की स्वीकृति पर हर्ष की लहर,नागरिकों ने सांसद महेश कश्यप का भव्य स्वागत किया…



जगदलपुर। बस्तरवासियों के लिए बीते दिनों केंद्र सरकार ने एक बड़ी सौगात देते हुए रावघाट-जगदलपुर नई रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से पूरे बस्तर संभाग में हर्ष और उल्लास का माहौल है। क्षेत्र के नागरिकों द्वारा सोशल मीडिया से लेकर अन्य माध्यमों से डबल इंजन सरकार और उनके जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया जा रहा है।बुधवार को जगदलपुर के संजय मार्केट में बस्तर रेल आंदोलन समिति, संजय बाजार व्यापारी कल्याण संघ सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने बस्तर सांसद महेश कश्यप का भव्य स्वागत किया। रेल लाइन की स्वीकृति पर सांसद को फूल-मालाओं से लादकर, गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ उनका अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सांसद कश्यप को लड्डुओं से तौला गया और सभी ने मिलकर उनके प्रयासों के प्रति आभार जताया। वक्ताओं ने कहा कि यह परियोजना न केवल बस्तर की कनेक्टिविटी को बढ़ाएगी, बल्कि क्षेत्र के विकास की नई राह खोलेगी। ज्ञात हो कि सांसद कश्यप ने अपने कार्यकाल के दौरान निरंतर बस्तर के रेल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष मुद्दे उठाए हैं। चाहे नई ट्रेनों का संचालन हो या लंबित रेल परियोजनाओं की स्वीकृति—उन्होंने हर मोर्चे पर बस्तरवासियों की आवाज को बुलंद किया है।

स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा, “आज आप सभी से मिला प्रेम, आशीर्वाद और समर्थन मेरे सेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत करता है। बस्तर का विकास ही मेरा लक्ष्य है, और इसके लिए मैं दिन-रात प्रयासरत रहूंगा। कार्यक्रम में व्यापारीगण, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *