
पाटन । जिले के वीर बलिदानियों की शौर्यगाथा को चिरस्थायी बनाने और उनकी स्मृतियों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में पाटन विकासखंड के ग्राम सोनपुर में गुरुवार को शौर्य वाटिका का भूमिपूजन किया गया। उपमुख्यमंत्री एवं गृह, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 37 शहीद परिवारों का सम्मान कर उनके त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। लगभग एक एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही शौर्य वाटिका में शहीदों के नाम पर उनके परिजनों द्वारा स्मृति वृक्ष लगाए गए। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पीपल का पौधा रोपित कर शौर्य वाटिका में पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि यह वाटिका केवल हरित क्षेत्र नहीं, बल्कि जिले के वीर सपूतों के त्याग, साहस और राष्ट्रभक्ति की जीवंत स्मृति बनेगी।
करीब 79 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने लगभग 78.96 लाख रुपए की लागत से पूर्ण विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें तालाब गहरीकरण, खेल मैदान, पहुंच मार्ग, शौचालय, चबूतरा निर्माण, वृक्षारोपण एवं शेड निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं। वहीं मुख्यमंत्री समग्र ग्रामीण विकास योजना के अंतर्गत 37.95 लाख रुपए की लागत से निर्मित सीसी रोड, आहता एवं शेड निर्माण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया।
शहीदों के बलिदान से मिली नक्सलवाद पर विजय : विजय शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में छत्तीसगढ़ के जवानों और बस्तर के लोगों ने बड़ी कीमत चुकाई है। उन्होंने शहीद जवानों और उनके परिवारों को नमन करते हुए कहा कि उनके अदम्य साहस और बलिदान के कारण आज बस्तर में शांति का वातावरण बना है और विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी नक्सल हिंसा के कारण स्कूल, अस्पताल, आंगनबाड़ी, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था, वहां अब तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। नक्सलवाद के खात्मे में शहीद जवानों की बहादुरी और बलिदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आज उन्हीं क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं निकल रही हैं, जहां कभी पहुंचना भी मुश्किल था। यह बदलाव शांति, साहस और विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने सोनपुर में शहीदों की स्मृति में शौर्य वाटिका निर्माण की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यहां शहीदों के नाम पर पौधरोपण किया जाना चाहिए, ताकि इन वृक्षों के साथ उनकी स्मृतियां भी पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित रहें। उन्होंने कहा कि सरकार सोनपुर के विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने मनरेगा सहित वीवीजी राम जी के माध्यम से रोजगार, कौशल विकास और अधोसंरचना निर्माण को गति देने की बात कही तथा पंचायत प्रतिनिधियों से योजनाबद्ध तरीके से गांव के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने भी शहीदों को नमन करते हुए शहीद परिवारों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में साजा विधायक ईश्वर साहू, सरपंच संत कुमार कुंभकार, सेवानिवृत्त शिक्षक रामू राम चक्रधर,भाजपा प्रदेश मंत्री जीतेन्द्र वर्मा,जनपद पंचायत अध्यक्ष कीर्ति नायक,जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक,जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, सरपंच संघ अध्यक्ष विनय चंद्राकर,जनपद सदस्य प्रणव शर्मा,रामकुमार चंद्राकर, नप अध्यक्ष निक्की भाले,राजा पाठक,भाजपा मंडल अध्यक्षगण कमलेश चंद्राकर, रानी बंछोऱ, कमलेश साहू, ज्योतिप्रकाश साहू,धर्मेंद्र सिन्हा, मीना वर्मा, दयानन्द सोनकर, केशव बंछोऱ, धनराज साहू, लालेश्वर साहू, खेमलाल साहू शैलेन्द्र मंडावी, लुभम बंछोऱ, कुणाल वर्मा, अखिलेश मिश्रा, सुनील पटेल, अनुज कुमार नारद, चेला राम साहू,किशोर साहू,चन्द्रिका साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।