
ED की चार्जशीट में प्रमोशनल गतिविधियों के लिए करीब 1.50 करोड़ रुपये मिलने का दावा; बग्गा ने कहा- ऐप के अवैध संचालन की जानकारी नहीं थी
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में टीवी प्रेजेंटर और पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट शेफाली बग्गा ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने 1.20 करोड़ रुपये सरेंडर किए हैं। ED की ओर से दाखिल चार्जशीट के अनुसार, यह रकम महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े प्रमोशनल गतिविधियों के एवज में प्राप्त राशि का शेष हिस्सा बताई गई है।
ED के मुताबिक, मई में शेफाली बग्गा के दिल्ली स्थित ठिकाने पर हुई तलाशी के दौरान 30 लाख रुपये नकद जब्त किए गए थे। जांच एजेंसी का दावा है कि बग्गा को प्रमोशनल वीडियो बनाने के लिए कुल करीब 1.50 करोड़ रुपये मिले थे। इसके बाद उन्होंने शेष 1.20 करोड़ रुपये ED को सौंप दिए। बताया गया है कि बग्गा ने यह रकम दो डिमांड ड्राफ्ट के जरिए जमा की, जिनमें 50 लाख और 70 लाख रुपये शामिल हैं। ED ने इस राशि को मामले की जांच से संबंधित वित्तीय लेन-देन के तौर पर दर्ज किया है।
पूछताछ के दौरान बग्गा ने कथित तौर पर कहा कि उन्होंने कुछ ब्रांड्स का प्रमोशन अनजाने में किया था और उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि संबंधित ऐप अवैध तरीके से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने जांच में सहयोग करने और कानून पर भरोसा होने की बात भी कही है। ED की ताजा चार्जशीट में महादेव बेटिंग सिंडिकेट से जुड़े 42 लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। एजेंसी मामले में प्रमोशनल गतिविधियों, पैसों के लेन-देन और कथित अपराध से अर्जित रकम के नेटवर्क की जांच कर रही है। महादेव ऐप मामले में ED अब तक कई चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और जांच जारी है।