IPS संतोष सिंह को बड़ी जिम्मेदारी, अब संभालेंगे दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा की कमान-प्रदेश के 11 जिलों में एसपी/एसएसपी के रूप में दे चुके हैं सेवाएं

2011 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारी CISF में DIG नियुक्त
रायपुर
। छत्तीसगढ़ कैडर के 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें CISF में डीआईजी नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी के तहत वे दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व संभालेंगे।
दिल्ली मेट्रो देश के सबसे बड़े और व्यस्त सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क में शामिल है। रोजाना लाखों यात्रियों की आवाजाही वाले इस नेटवर्क की सुरक्षा में यात्रियों की निगरानी, स्टेशनों की सुरक्षा और आपात परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया जैसी अहम जिम्मेदारियां शामिल हैं।
छत्तीसगढ़ के कई जिलों में संभाली पुलिस कप्तानी
संतोष सिंह को छत्तीसगढ़ के विभिन्न संवेदनशील और महत्वपूर्ण जिलों में पुलिसिंग का लंबा अनुभव रहा है। वे रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव में एसपी/एसएसपी के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
इसके अलावा उन्होंने सुकमा में एएसपी और दुर्ग में सीएसपी के पद पर भी सेवाएं दी हैं। प्रदेश के अलग-अलग भौगोलिक और संवेदनशील क्षेत्रों में काम करने का यह अनुभव उनकी नई जिम्मेदारी में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्र से रणनीतिक सुरक्षा तक अनुभव
संतोष सिंह का अनुभव कानून-व्यवस्था और मैदानी पुलिसिंग तक सीमित नहीं रहा है। सुकमा जैसे संवेदनशील जिले में जिम्मेदारी संभालने के बाद वे हैदराबाद में डीआईजी साउथ जोन-2 के पद पर भी तैनात रहे। इस दौरान आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक में औद्योगिक एवं रणनीतिक प्रतिष्ठानों तथा पूर्वी तट के बंदरगाहों की सुरक्षा से जुड़े दायित्व संभाले।
दिल्ली मेट्रो में रोजाना लाखों यात्रियों की आवाजाही
दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई शहरों तक फैला हुआ है। नेटवर्क में 271 स्टेशन हैं। हाल ही में 17 सितंबर को मेट्रो में एक दिन में करीब 82.45 लाख यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई थी।
ऐसे विशाल और अत्यधिक व्यस्त परिवहन नेटवर्क की सुरक्षा अब संतोष सिंह की नई जिम्मेदारी होगी। मैदानी पुलिसिंग, नक्सल प्रभावित क्षेत्र और रणनीतिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा का उनका अनुभव दिल्ली मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका निभा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *