28 जुलाई को टोलाघाट में होगा शिवभक्तों का महासंगम — जितेंद्र वर्मा की अगुवाई में बोल बम के जयघोष के साथ पाटन से निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा

पाटन। सावन माह की पावन बेला में पाटन क्षेत्र शिवभक्ति और संस्कृति के अद्वितीय संगम का साक्षी बनने जा रहा है टोलाघाट, जहां 28 जुलाई, सोमवार को बोल बम कांवड़ यात्रा समिति के तत्वावधान में एक भव्य कांवड़ यात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। समिति के संयोजक जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में यह यात्रा पाटन के पवित्र ओग्गर तालाब से प्रारंभ होगी। श्रद्धालु यहां भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर पवित्र जल भरेंगे और “बोल बम” के गगनभेदी नारों के साथ टोलाघाट की ओर कांवड़ लेकर पदयात्रा करेंगे। यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, सेवा और संस्कृति की भावना को जागृत करने का भी संदेश लेकर चलेगी।

श्री वर्मा ने बताया कि यात्रा मार्ग को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से सुसज्जित किया जा रहा है। युवाओं के लिए यह आयोजन एक आध्यात्मिक दिशा और ऊर्जा का स्रोत बनेगा। संयोजक जितेंद्र वर्मा ने आह्वान करते हुए कहा कि शिवभक्तों, युवाओं, सामाजिक संगठनों, माताओं-बहनों एवं समस्त ग्रामवासियों से निवेदन है कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस पुण्य यात्रा का हिस्सा बनें और शिवआराधना के इस दिव्य संगम को ऐतिहासिक बनाएं।

टोलाघाट पहुंचने पर:
यात्रा समापन के पश्चात श्रद्धालु “सर्वे भवन्तु सुखिनः” और जल संरक्षण के संकल्प के साथ भगवान महादेव को जल अर्पित करेंगे। प्रसिद्ध भगवताचार्य पं. कृष्ण कुमार तिवारी जी के पावन सानिध्य में रुद्राभिषेक व विशेष शिव पूजन सम्पन्न होगा।

सांस्कृतिक प्रस्तुति में विशेष आकर्षण:
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध लोकगायिका पायल साहू, जिनकी भक्ति गीतों से संपूर्ण टोलाघाट शिवमय वातावरण में डूब जाएगा। शिवमहिमा का संगीतमय रसपान श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव होगा। श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारा की व्यवस्था भी की गई है, जिसमें सभी शिवभक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *