
YC न्यूज़ डेस्क। सार्वजनिक जमीन पर लंबे समय तक कब्जा कर पक्का निर्माण कराने और कारोबार चलाने मात्र से जमीन पर मालिकाना हक नहीं मिल जाता। बिजली बिल, लाइसेंस फीस, किराया या अन्य शुल्क जमा करने से भी अवैध कब्जा कानूनी नहीं हो जाता। यह महत्वपूर्ण टिप्पणी छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की जमीन से जुड़े मामले में की है। जस्टिस एके प्रसाद की एकलपीठ ने इस टिप्पणी के साथ BSP की जमीन पर लंबे समय से दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित कर रहे कारोबारियों की 9 याचिकाएं खारिज कर दीं। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि मूल आवंटन की शर्तों का उल्लंघन कर किसी दूसरे व्यक्ति को जमीन का कब्जा देने से उसे वैधानिक अधिकार प्राप्त नहीं हो जाता।

1976 में BSP ने कारोबार के लिए आवंटित किए थे भूखंड
मामला भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र का है। वर्ष 1976 में BSP ने व्यावसायिक गतिविधियों के लिए कुछ भूखंड आवंटित किए थे। बाद में मूल आवंटियों से दूसरे लोगों ने इन परिसरों का कब्जा ले लिया और वहां दुकानें तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित करने लगे। BSP ने इसे आवंटन की शर्तों का उल्लंघन और अवैध कब्जा मानते हुए सार्वजनिक परिसर (अनधिकृत कब्जाधारियों की बेदखली) अधिनियम, 1971 के तहत कार्रवाई शुरू की थी।

कारोबारियों ने लंबे समय से संचालन और भुगतान का दिया हवाला

हाईकोर्ट में याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई कि वे कई वर्षों से संबंधित परिसरों में कारोबार कर रहे हैं। इस दौरान नियमित रूप से किराया, लाइसेंस फीस, बिजली बिल और संपत्ति कर का भुगतान भी किया जाता रहा है। उनका तर्क था कि इतने लंबे समय से कारोबार संचालित होने और नियमित भुगतान किए जाने के बाद बेदखली के आदेश लागू करना उचित नहीं है।वहीं BSP की ओर से बताया गया कि मूल आवंटन की शर्तों में भूखंड किसी अन्य व्यक्ति को हस्तांतरित करने, किराए पर देने या साझेदारी में कारोबार करने पर प्रतिबंध था। इसके बावजूद मूल आवंटियों ने दूसरे लोगों को कब्जा दे दिया। इसलिए बाद में कब्जा लेने वाले व्यक्तियों को जमीन पर कोई कानूनी अधिकार प्राप्त नहीं हो सकता।
हाईकोर्ट ने कहा- नियम विरुद्ध कब्जे से अधिकार पैदा नहीं होता
हाईकोर्ट ने BSP की दलीलों को स्वीकार करते हुए कहा कि सार्वजनिक संपत्ति पर नियमों के विरुद्ध कब्जा करने से कानूनी अधिकार नहीं मिलता। केवल लंबे समय तक कब्जे में रहने, पक्का निर्माण कराने या कारोबार संचालित करने से जमीन पर मालिकाना हक का दावा नहीं किया जा सकता।कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आवंटन की मूल शर्तों के विपरीत किए गए हस्तांतरण के आधार पर कब्जाधारियों को वैधानिक संरक्षण नहीं दिया जा सकता। इसी आधार पर कारोबारियों की सभी 9 याचिकाएं खारिज कर दी गईं।
BSP अधिकारी के खिलाफ अवमानना याचिका भी खारिज
इसी विवाद से जुड़े एक अन्य मामले में कारोबारी ने BSP के अधिकारी के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ता का आरोप था कि हाईकोर्ट ने 8 अप्रैल 2022 को संबंधित परिसर की स्थिति यथावत रखने का आदेश दिया था। इसके बावजूद 19 अप्रैल को उसे परिसर से बाहर कर दिया गया। इस पर हाईकोर्ट ने कहा कि न्यायालय के आदेश की जानबूझकर अवहेलना किए जाने का आरोप साबित नहीं हुआ। इसके चलते अवमानना याचिका भी खारिज कर दी गई। हाईकोर्ट के इस फैसले से BSP की जमीन पर मूल आवंटन की शर्तों के विपरीत कब्जा कर कारोबार संचालित करने वाले लोगों के दावों को बड़ा झटका लगा है। फैसले में सार्वजनिक संपत्ति पर वैधानिक अधिकार और अनधिकृत कब्जे के बीच अंतर को स्पष्ट किया गया है।