दुर्ग में पटाखा दुकानों के बीच हर 6 दुकान बाद खाली जगह अनिवार्य, CCTV और फायर सेफ्टी के बिना नहीं होगी बिक्री

दुर्ग में पटाखा दुकानों के बीच हर 6 दुकान बाद खाली जगह अनिवार्य, CCTV और फायर सेफ्टी के बिना नहीं होगी बिक्री

दुर्ग। दीपावली के दौरान पटाखा दुकानों में आगजनी की घटनाओं को रोकने और खरीदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी सिलसिले में दुर्ग कलेक्ट्रेट सभागार में पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित कर सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हर छह दुकानों के बीच पर्याप्त खाली जगह रखनी होगी, ताकि किसी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य आसानी से किया जा सके। बैठक में आग से बचाव, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शोभराज अग्रवाल, एसडीएम प्रफुल्ल गुप्ता, सीएसपी देवांश सिंह राठौर, एसडीआरएफ के अधिकारी, नगर निगम के बाजार प्रबंधन अधिकारी, थाना प्रभारी दुर्ग और पटाखा व्यापारी मौजूद रहे।

हर दुकान में रेत-पानी की बाल्टी और अग्निशमन यंत्र जरूरी

अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पटाखा दुकान में रेत और पानी से भरी बाल्टियां तथा आग बुझाने के पर्याप्त अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य होगा। दुकानों के आसपास किसी भी प्रकार का ज्वलनशील सामान नहीं रखा जाएगा। इसके अलावा दुकानों और पूरे बिक्री परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में गार्ड भी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

पार्किंग और पुलिस कंट्रोल रूम की होगी व्यवस्था

दीपावली के दौरान पटाखे खरीदने आने वाले लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यापारियों को अलग से पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। परिसर में पुलिस कंट्रोल रूम के लिए अलग टेंट लगाया जाएगा। यहां माइक के माध्यम से जरूरी सूचनाएं प्रसारित की जाएंगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि केवल वैध लाइसेंसधारी व्यापारी ही पटाखों की बिक्री कर सकेंगे। प्रत्येक दुकानदार को अपना लाइसेंस दुकान के सामने ऐसी जगह प्रदर्शित करना होगा, जहां वह आसानी से दिखाई दे। सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने और लापरवाही बरतने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जेआरडी स्कूल मैदान का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

बैठक के बाद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने पटाखा व्यापारियों के साथ जेआरडी स्कूल मैदान का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के लिए स्थान निर्धारित करने, उनके बीच पर्याप्त दूरी रखने, अग्नि सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों को निर्देशित किया कि दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और भंडारण निर्धारित सुरक्षा नियमों के तहत ही करें। किसी भी तरह की लापरवाही से बचें, ताकि त्योहार के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

युवा चैनल न्यूज़ | न्यूज़ डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *