CG में चौंकाने वाला खुलासा : थाना परिसर से ही गायब हो गई LPG गैस, जब्त टैंकर बने ‘चोरी का शिकार’

CG में चौंकाने वाला खुलासा : थाना परिसर से ही गायब हो गई LPG गैस, जब्त टैंकर बने ‘चोरी का शिकार’

महासमुंद/रायपुर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद और रायपुर जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस द्वारा जब्त किए गए LPG गैस से भरे टैंकरों से ही गैस चोरी हो गई। इस घटना ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2025 में अवैध रिफिलिंग की शिकायत पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए 6 LPG टैंकरों को जब्त किया था। इन टैंकरों को पहले सिंघोड़ा थाना परिसर में रखा गया, बाद में सुरक्षा कारणों से अभनपुर स्थित एक निजी कंपनी के परिसर में शिफ्ट कर दिया गया।

मामले ने उस वक्त तूल पकड़ा जब हाई कोर्ट के आदेश के बाद 9 अप्रैल को टैंकर मालिक के. सुब्रह्मण्यम अपने वाहन लेने पहुंचे। जांच में सामने आया कि टैंकरों में भरी करीब 52,930 किलो LPG गैस गायब है, जबकि जब्ती के समय इनमें लगभग 53 हजार किलो गैस भरी हुई थी। टैंकर मालिक ने आरोप लगाया कि उन्हें टैंकरों की लोकेशन को लेकर गुमराह किया गया। बाद में GPS के जरिए पता चला कि वाहन अभनपुर के ठाकुर पैट्रोकैमिकल्स परिसर में खड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर टैंकरों के वाल्व और सील टूटे मिले और गैस लगभग खाली थी।

इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए महासमुंद एसपी प्रभात कुमार ने रायपुर कलेक्टर को पत्र लिखकर जांच और कार्रवाई की अनुशंसा की है। निजी कंपनी के संचालक और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में है। साथ ही टैंकर मालिक को नुकसान की भरपाई कराने की बात भी कही गई है। घटना के बाद प्रशासन पर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *