
रानीतराई। दुर्ग जिले के सैनिक ग्राम पाहन्दा (झा) में जय शीतला कबड्डी टीम एवं ग्रामवासियों के संयुक्त प्रयास से शहीद युवराज सिंह ठाकुर की स्मृति में एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वीर हनुमान की पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसके बाद शहीद युवराज सिंह ठाकुर के तेलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि “युवा देश का भविष्य हैं, उन्हें स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ना चाहिए, तभी राष्ट्र मजबूत बनेगा।” उन्होंने खेलों को अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच संघ पाटन के अध्यक्ष रूपेंद्र शुक्ला ने की। उन्होंने ग्रामीण अंचल में खेल गतिविधियों के आयोजन को सराहते हुए कहा कि इससे युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सामाजिक एकता मजबूत होती है। विशेष अतिथि के रूप में भेदप्रकाश वर्मा (जनपद प्रतिनिधि), दिनेश ठाकुर (सरपंच, ग्राम पंचायत पाहन्दा), जितेंद्र यदु (शिक्षक), योग्य कुमार बघेल, बालाराम यादव, शंकर वर्मा एवं रविशंकर साहू उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।मंच संचालन जितेंद्र यदु ने किया, जबकि अतिथियों के प्रति आभार रविशंकर साहू ने व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी और ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिनमें हेमसिंग ठाकुर, आकाश निर्मल, लोकेश वर्मा, वासु वर्मा, संतोष यादव, अनिल यदु, दुष्यंत वर्मा, नवीन यादव, गुलशन मेश्राम सहित अन्य शामिल थे।