राष्ट्रीय खेल दिवस पर रायपुर में गूंजा नारा – “हर गली, हर मैदान, खेले सारा हिंदुस्तान”

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं खेलकूद व युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों को ‘हर गली, हर मैदान—खेले सारा हिंदुस्तान’ का संकल्प दिलाया। ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। श्री साव ने घोषणा की कि रायपुर प्रीमियर लीग का आयोजन किया जाएगा और इसे सभी संभागीय मुख्यालयों में विस्तार देने का प्रयास होगा। उन्होंने कहा कि फिटनेस के लिए हर व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेलकूद में सक्रिय रहना चाहिए। खिलाड़ियों से उन्होंने मैदान में पूरे जज्बे के साथ उतरने और नई तकनीकों के साथ खुद को अपडेट रखने की अपील की, ताकि देश भी खेल के क्षेत्र में कह सके—‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’।

कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी बच्चों व युवाओं को मैदान में उतरने के लिए प्रेरित किया और बताया कि ‘फिट इंडिया’ अभियान के तहत रायपुर व बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 12 खेलों के साथ दस हजार खिलाड़ियों की भागीदारी वाले ‘सांसद खेल महोत्सव’ का आयोजन होगा, जिसका लोगो आज जारी किया गया।

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल सुविधाओं, योजनाओं और युवा महोत्सव पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे, बैडमिंटन खिलाड़ी श्रेयांश जायसवाल, फुटबाल खिलाड़ी किरण पिस्दा और आईपीएल क्रिकेटर शशांक सिंह को रायपुर नगर निगम का स्वच्छता ब्रांड एम्बैसडर घोषित किया गया।

खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस हम सभी को फिट रहने और खेल को जीवनशैली बनाने की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर खिलाड़ियों के लिए विशेषज्ञों और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ तीन दिवसीय विशेष सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *