धान खरीदी, खाद-बीज वितरण और ऋण सुविधा को लेकर हुई सार्थक चर्चा, मंत्री केदार कश्यप ने कहा — कृषकों की सुविधाओं में नहीं होगी कोई कमी
जामगांव आर। दक्षिण पाटन क्षेत्र की सेवा सहकारी समितियों के प्राधिकृत अध्यक्षों ने सहकारिता मंत्री केदार कश्यप से सौजन्य मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न कृषक एवं सहकारी समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों की कार्यशैली, खाद-बीज की उपलब्धता, किसानों को ऋण वितरण तथा आगामी धान खरीदी व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मंत्री को विस्तार से जानकारी दी और व्यवहारिक सुझाव भी प्रस्तुत किए।
कृषक प्रतिनिधि भगवान सिंह चंद्राकर ने बताया कि मंत्री केदार कश्यप ने हमारे सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि शासन किसानों की सुविधा और पारदर्शी व्यवस्था के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस खरीफ सीजन में धान खरीदी सहित अन्य सभी कृषि कार्यों में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर डीडाभाठा सोसायटी के अध्यक्ष योगेश्वर साहू ने सोसायटी परिसर में अहाता निर्माण की मांग भी रखी। प्रतिनिधिमंडल में सेवा सहकारी समिति जामगांव आर के प्राधिकृत अध्यक्ष भगवान सिंह चंद्राकर, योगेश्वर साहू, राजेश बंछोर, संजय चंद्राकर, विनोद ठाकुर, तेजेन्द्र पिपरिया एवं संतोष घिरवानी उपस्थित रहे।