संवाद कार्यालय में अभद्रता पर छग कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने सीएम को सौंपा ज्ञापन,मुख्यमंत्री ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया

संवाद कार्यालय में अभद्रता पर छग कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने सीएम को सौंपा ज्ञापन,मुख्यमंत्री ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया

रायपुर। छत्तीसगढ़ संवाद कार्यालय, नवा रायपुर में विभागीय अपर संचालक संजीव तिवारी के साथ हुई अभद्रता, गाली-गलौज और कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना के विरोध में आज छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन और छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिला।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि यह घटना केवल एक अधिकारी पर हमला नहीं, बल्कि शासन-प्रशासन की संस्थागत गरिमा और अनुशासन पर सीधा प्रहार है। फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि पत्रकारिता की आड़ में भयादोहन और ब्लैकमेलिंग की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता लोकतंत्र की आत्मा है, किंतु किसी भी सूरत में कार्यालय और अधिकारियों को धमकाना न केवल पत्रकारिता का अपमान है, बल्कि समाज और शासन—दोनों के प्रति विश्वासघात है।।उन्होंने मुख्यमंत्री से राज्य में शासकीय सेवकों की सुरक्षा हेतु सशक्त कानून बनाने की मांग की और सभी शासकीय कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने, प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच उपकरण स्थापित करने का अनुरोध किया।

छत्तीसगढ़ राजपत्रित अधिकारी संघ के प्रवक्ता एवं छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ के अध्यक्ष बालमुकुंद तंबोली ने कहा कि घुसकर हिंसक व्यवहार, झूमा-झटकी, गाली-गलौज और घर जाकर धमकी देना किसी भी सुसंस्कृत समाज में अस्वीकार्य है। ऐसी घटनाएँ अधिकारी-कर्मचारियों में भय और असुरक्षा उत्पन्न करती हैं और शासन-प्रशासन की कार्यकुशलता पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि अभद्रता करने वाले तत्वों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई है, लेकिन कुछ व्यक्ति पत्रकारिता की आड़ लेकर अधिकारियों को खुलेआम धमका रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई अवश्य होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस प्रकार की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में जनसंपर्क विभाग के अपर संचालक जे. एल. दरियो, उमेश मिश्रा, संयुक्त संचालक पवन गुप्ता, उपसंचालक घनश्याम केशरवानी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *