‘युवा संवाद—विजन 2047 में युवाओं की भूमिका’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद,सांसद विजय बोले -युवा शक्ति से राष्ट्र निर्माण को मिलेगी नई दिशा

भिलाई। जेपी ग्रेट, अवंतीबाई चौक, कोहका में ‘युवा संवाद—विजन 2047 में युवाओं की भूमिका’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माता सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण तथा राष्ट्रगान के साथ हुई। मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल का गजमाला से स्वागत किया गया। इस अवसर पर सांसद ने युवाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सदस्य क्रेडा, छत्तीसगढ़ शासन विजय साहू ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में धर्मराज शर्मा एवं राजेन्द्र यादव उपस्थित रहे।

अध्यक्षीय उद्बोधन में विजय साहू ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से विचलित हुए बिना भारत का मान-सम्मान विश्वभर में बढ़ाया। उन्होंने युवाओं से अच्छे और कठिन दोनों समय में अपने मूल्यों एवं संस्कारों को बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को राजनीति और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना जरूरी है तथा देश के सामने आने वाली चुनौतियों के समय युवा शक्ति को अग्रिम भूमिका निभाने के लिए तैयार रहना चाहिए।.मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों में सत्यता और भारत के प्रति गौरव की भावना थी। वर्तमान को बेहतर बनाकर भविष्य का निर्माण करने के लिए भारत के गौरवशाली अतीत को जानना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में अनेक क्रांतिकारियों ने बिना किसी स्वार्थ के अपना सर्वस्व न्योछावर किया और हंसते-हंसते फांसी के फंदे को स्वीकार किया। उनके सपनों का भारत बनाने की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी, विशेषकर युवाओं की है।

सांसद बघेल ने कहा कि युवा शक्ति में देश की दिशा और दशा बदलने की क्षमता है। उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने तथा अपनी शक्ति और क्षमता को पहचानकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं की एकजुटता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अच्छे कार्यों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में वे सदैव युवाओं के साथ खड़े रहेंगे। कार्यक्रम में पंकज शर्मा, अध्यक्ष विवेकानंद विचार मंच, परमजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री विधि प्रकोष्ठ, इशांक गजपाल, अभिषेक वर्मा, अभिमान सिंह, उज्जवल सिंह, राजेन्द्र यादव, हर्ष तिवारी, दिवासु शर्मा, आकाश यादव, योशु, योगेन्द्र साहू, शंकर वासनिक एवं उत्तम ठाकुर सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *