
15 अक्टूबर को स्वीप कार्यक्रम के तहत आयोजन, छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया बताई गई
जामगांव आर। शहीद डोमेश्वर साहू शासकीय महाविद्यालय जामगांव आर -भरर में स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत ईएलसी (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) द्वारा मतदाता जागरूकता एवं शिक्षा के उद्देश्य से नव मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रपत्रों की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश एवं निर्देशानुसार शिविर में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के रूप में रोजगार सहायिका श्रीमती दिनेश्वरी साहू उपस्थित रहीं। उन्होंने नव मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए आवश्यक अर्हताओं एवं प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों की जानकारी दी। साथ ही छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए प्रारूप-06 (फॉर्म-06) भरने की प्रक्रिया समझाई।
शिविर के दौरान प्रारूप-07 एवं प्रारूप-08 के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी के महत्व से अवगत कराते हुए मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा आवश्यकतानुसार संबंधित प्रपत्रों का उपयोग करने के बारे में बताया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल ने की। इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक श्रीमती नीता कुंभारे, श्री आर.के. तिवारी, डॉ. नरेश चंद्र दीवान, डॉ. एस.के. पाठक, श्रीमती चेतना सोनी, डॉ. ए.के. तिवारी, श्री मनोज यादव एवं कु. कृतिका सहित अन्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन स्वीप के नोडल अधिकारी डॉ. रेखचंद सिंह ठाकुर एवं ईएलसी क्लब की सदस्य सहायक प्राध्यापक श्रीमती चेतना सोनी ने किया। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया से परिचित कराने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक मतदाता की भूमिका के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया गया।