संस्कार पब्लिक स्कूल में शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच : विद्यार्थियों के लिए क्रिकेट अकादमी का भव्य शुभारंभ…

पाटन। पाटन ब्लॉक के गायत्री शक्तिपीठ आमालोरी में संचालित संस्कार पब्लिक स्कूल ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक और उल्लेखनीय पहल करते हुए गुरुवार को क्रिकेट अकादमी का शुभारंभ किया। इस अकादमी के माध्यम से छात्र-छात्राएं अब पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट की बारीकियां भी सीख सकेंगे, जिससे उनकी खेल प्रतिभा को उचित दिशा और मंच मिलेगा। क्रिकेट अकादमी का उद्घाटन वरिष्ठ पत्रकार राजू वर्मा ने फीता काटकर किया,उन्होंने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार की सुविधाएं बच्चों के लिए सपनों को साकार करने का माध्यम बन सकती हैं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को इसके लिए बधाई दी और कहा कि यह प्रयास निश्चित रूप से क्षेत्र की खेल संस्कृति को नई ऊर्जा देगा।

कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक अश्विनी चंद्राकर, गोपेश शरण शुक्ला, प्राचार्या अर्चना शुक्ला,आशीष सिंह, खेल प्रभारी तुका सिंह यादव तथा शिक्षकगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। मौके पर प्राचार्या अर्चना शुक्ला ने अपने उद्बोधन में अकादमी को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव बताते हुए संतुलित जीवन शैली के महत्व पर जोर दिया। निदेशक गोपेश शरण शुक्ला ने जानकारी दी कि आगामी मई माह में क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें इच्छुक विद्यार्थी पंजीकरण कर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।

शक्तिपीठ के समन्वयक अशोक सिंह के मुताबिक संस्कार पब्लिक स्कूल की यह पहल न केवल शिक्षा और खेल में संतुलन स्थापित करेगी, बल्कि विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना जैसे गुणों से भी परिपूर्ण करेगी, जो उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *