YC न्यूज़ डेस्क। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या में रामलला के दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब अयोध्या में भी तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर श्रद्धालुओं को नियमित रूप से भोजन प्रसाद (भंडारा) उपलब्ध कराया जाएगा।
अब तक यह व्यवस्था केवल विशेष पर्वों जैसे चैत्र रामनवमी, सावन झूला उत्सव, कार्तिक पूर्णिमा स्नान और परिक्रमा जैसे आयोजनों के दौरान ही की जाती थी। लेकिन रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या और आवश्यकताओं को देखते हुए इस व्यवस्था को स्थायी रूप देने का निर्णय लिया गया है।
तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने प्रसाद वितरण हेतु स्थायी पंडाल और काउंटर स्थापित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। ट्रस्ट के निर्देश पर एल एंड टी (L&T) कंपनी ने एक स्थायी बहुउद्देश्यीय पंडाल के निर्माण की रूपरेखा तैयार की है। यह पंडाल अंगद टीला परिसर में बनाया जाएगा, जिसकी माप 100 गुणा 150 फीट होगी। इसे कॉलम्स पर खड़ा किया जाएगा और छत पर प्री-फैब्रिकेटेड स्ट्रक्चर लगाया जाएगा।
इस परियोजना को अंतिम मंजूरी तीर्थ क्षेत्र के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज से मिलनी बाकी है। प्रस्तावित स्थल पर समय-समय पर कथा, सत्संग और अन्य धार्मिक आयोजन भी होंगे। दोपहर में नियमित रूप से भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु सुविधापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।
यह पहल न केवल भक्तों की सेवा को सुनिश्चित करेगी, बल्कि अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित होगी।