जामगांव आर/पाटन। तहसील मानस संघ पाटन अंतर्गत ग्राम बोरीद के निवासी नीलकंठ ठाकुर (गुरूजी), को इस सत्र मानस दर्शन जीवन अर्पण के पंचम संस्करण में श्री तुलसी विभूषण अवार्ड 2025 हेतु चयनित किया गया है। उल्लेखनीय है श्री ठाकुर मानस मर्मज्ञ एवं जिला मानस संघ दुर्ग के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं यह सम्मान उन्हें आगामी 4 और 5 अक्टूबर को मरौद में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय मानस महोत्सव एवं रामायण मेला में प्रदान किया जाएगा। इस घोषणा से पूरे क्षेत्र में हर्ष की लहर है। तहसील मानस संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे समाज के लिए गौरव का विषय बताया।
तहसील मानस संघ पाटन के अध्यक्ष टीकाराम साहू एवं प्रवक्ता पुनेश्वर साहू ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि गुरूजी हमारे प्रेरणास्रोत हैं। उनके आदर्शों और बताये हुए मार्ग पर चलते हुए तहसील मानस संघ भविष्य में भी मानस के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करता रहेगा वे हमारे मानस गौरव के रूप में सदैव प्रतिष्ठावान रहेंगे।